Bihar Road Accident: बिहार में रफ्तार का कहर, डंपर ने बाइक सवार 2 युवकों की ली जान, तीसरा जिंदगी-मौत से जूझ रहा

Bihar Road Accident: बिहार के वैशाली जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। ...

Mahua Dumper Crash Kills Two Youths Third Critical
बिहार में रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar  Road Accident: बिहार के वैशाली जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। महुआ-ताजपुर सड़क पर मेडिकल कॉलेज महुआ के निकट एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार गूंजने लगी।

मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक मेला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुआ मेडिकल कॉलेज के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर महुआ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान महुआ के सिंहराय पश्चिमी टोला, वार्ड संख्या 16 निवासी सोहन राय के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ भोला और चांदसराय निवासी विनोद राय के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक दो भाइयों में बड़ा था, जबकि अमन दो भाइयों में छोटा था। दोनों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं, हादसे में घायल तीसरे युवक की पहचान चांदसराय निवासी आलोक राय के पुत्र प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। प्रीतम नौवीं कक्षा का छात्र है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक अमन भी दसवीं कक्षा में पढ़ता था। कम उम्र में दो युवकों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है।मेले से हंसी-खुशी घर लौट रहे युवकों के लिए सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार