Bihar News: सुपौल में स्कॉर्पियो की टक्कर से दो युवक हुए गंभीर रूप से जख्मी, फिल्मी अंदाज़ में पुलिस ने ड्राइवर को दबोचा
Bihar News: सड़कों पर दौड़ती रफ्तार ने खौफनाक मंजर खड़ा कर दिया और दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया...
SUPAUL : बिहार में एक बार फिर सड़कों पर दौड़ती रफ्तार ने खौफनाक मंजर खड़ा कर दिया। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज इलाके के नगर परिषद क्षेत्र के डपरखा के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को ऐसी टक्कर मारी कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। यह महज हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही की वो खतरनाक दास्तान बन गई, जिसने दो जिंदगियों को मौत के मुहाने पर ला खड़ा किया।
घटना में घायल हुए युवकों की पहचान बभनगामा निवासी कृष्णा कुमार (25) और अमित कुमार (18) के रूप में हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी बेकाबू थी कि टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जा गिरे और सड़क पर खून से सना मंजर फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद कृष्णा कुमार की हालत नाज़ुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अमित कुमार का इलाज जारी है।
हादसे के बाद कहानी यहीं खत्म नहीं हुई बल्कि असली क्राइम सीन तब शुरू हुआ, जब स्कॉर्पियो चालक वारदात को अंजाम देकर फरार होने की फिराक में भाग निकला। बताया जाता है कि भागने के दौरान उसने दुर्गा मंदिर और श्याम भोग के पास कई वाहनों को छूते हुए और लोगों की जान को खतरे में डाल दिया। यह मंजर किसी फिल्मी पीछा-पकड़ाई से कम नहीं था।
जैसे ही पुलिस को इस संगीन वारदात की खबर मिली, त्रिवेणीगंज थाना हरकत में आ गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस ने जाल बिछाया और फरार आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी। आखिरकार लक्ष्मीनिया टोल टैक्स के पास एनएच-327E पर रास्ता ब्लॉक कर स्कॉर्पियो को रोक लिया गया और चालक को धर दबोचा गया।पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की तहकीकात जारी है। इस घटना ने इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट-विनय कुमार मिश्र