पटना में खूनी रंजिश: फोन कर घर से बुलाया और सिर में मार दी गोली, मोबाइल व नकदी गायब, जांच में जुटी पुलिस

पटना के शाहपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर में शनिवार देर शाम 27 वर्षीय ट्रैक्टर चालक बबन राय की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने 2021 से चले आ रहे विवाद को लेकर चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है।घटना के बाद मृतक का मोबाइल व कैश गायब

Danapur Shahpur Baban Rai Murder
दानापुर शाहपुर बबन राय मर्डर- फोटो : Reporter

पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर नीतीश आहार पर शनिवार देर शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। आपसी रंजिश के चलते 27 वर्षीय ट्रैक्टर चालक बबन राय की सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक के भाई पप्पू राय ने बताया कि शनिवार शाम बबन के मोबाइल पर किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह पैदल ही घर से निकला था। कुछ ही देर बाद परिजनों को उसे गोली लगने की सूचना मिली।


अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, मोबाइल व नकदी गायब

घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बबन राय को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद से ही मृतक का मोबाइल फोन और उसके पास मौजूद नकदी गायब है, जिससे घटना के पीछे सोची-समझी साजिश की आशंका जताई जा रही है। बबन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।


वर्ष 2021 से चल रहा था पारिवारिक विवाद, चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप

इस वारदात को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, वर्ष 2021 से ही उनका अपने चचेरे भाइयों के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश और रंजिश के कारण चचेरे भाइयों पर योजनाबद्ध तरीके से बबन की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।


CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा

घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दानापुर से सुमित की रिपोर्ट