सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई : देसी कट्टे के साथ एक बदमाश गिरफ्तार, लूटकांड के तीन अन्य आरोपी को भी दबोचा
सुपौल में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले की राघोपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वही एक पास से पुलिस ने हथियार बरामद किए है....
Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। राघोपुर पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
कोरियापट्टी में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस की त्वरित दबिश
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार शाम थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी वार्ड संख्या-5 स्थित तिलावे धार पुल के समीप ग्रामीणों ने एक युवक के पास हथियार होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर युवक को अपने कब्जे में ले लिया।
चंद्रदेव यादव के पास से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान चंद्रदेव यादव उर्फ मटकुरिया के रूप में हुई है। इस दौरान युवक के साथ स्थानीय स्तर पर मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई थी। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी है।
लूटकांड के मामलों में राहुल, प्रभास और जटाशंकर गिरफ्तार
हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी के अलावा पुलिस ने लूटकांड से जुड़े अलग-अलग मामलों में तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए इन आरोपियों की पहचान राहुल कुमार, प्रभास कुमार और जटाशंकर उर्फ रोशन के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी मामलों में उनकी संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष का बयान, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।