Bihar Bus Fire: बस में लगी आग से मचा हड़कंप, आक्रोशित लोगों ने थाने में की तोड़फोड़, मचा कोहराम

Bihar Bus Fire: बस पड़ाव पर खड़ी एक यात्री बस अचानक आग के हवाले हो गई। चंद लम्हों में ही मामूली धुआं भयानक शोलों में तब्दील हो गया और...

Bus fire sparks chaos mob vandalizes police station
बस में लगी आग से मचा हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar Bus Fire: सुपौल के छातापुर में मंजर किसी खौफनाक फिल्मी सीन से कम नहीं था, जब बस पड़ाव पर खड़ी एक यात्री बस अचानक आग के हवाले हो गई। चंद लम्हों में ही मामूली धुआं भयानक शोलों में तब्दील हो गया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए, हर तरफ चीख-पुकार और खौफ का माहौल छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पटना से आई देव ट्रेवल्स की बस सुबह से ही बस अड्डे में खड़ी थी। शाम होते-होते बस के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने पूरी बस को अपनी जद में ले लिया। सीटों के गद्दे, पर्दे और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे लपटें आसमान छूने लगीं और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल गया।

आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि सैकड़ों लोगों की भीड़ होने के बावजूद कोई भी बस के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई, बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया और लोग अपने-अपने सामान को बचाने में जुट गए।

लेकिन असली बवाल तब मचा जब सूचना के बावजूद दमकल विभाग मौके पर नहीं पहुंचा। प्रशासन की इस लापरवाही ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया। आक्रोशित भीड़ सीधे छातापुर थाना पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। हालात इतने बिगड़ गए कि गुस्साए लोगों ने थाना परिसर में खड़े वाहन को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ कर दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर इल्जाम लगाते हुए कहा कि 23 पंचायतों वाले इस प्रखंड में दमकल की स्थायी व्यवस्था का न होना इंतहाई शर्मनाक है। उनका कहना है कि हर बार आग लगने की घटनाओं में दमकल देर से पहुंचती है और तब तक सब कुछ राख हो जाता है।फिलहाल मौके पर अफरातफरी का माहौल कायम है, हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र