Bihar News : सीवान में STF और DIU ने की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात चंदन सिंह समेत दो को किया गिरफ्तार, हथियार और जिन्दा कारतूस किया बरामद
Bihar News : STF एवं जिला DIU की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीवान के कुख्यात चंदन सिंह समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
SIWAN : जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीवान पुलिस, जिला आसूचना इकाई (DIU) और STF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एमएच नगर थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी चंदन कुमार सिंह और उसके सहयोगी विकास कुमार को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान चार पिस्टल, 58 जिंदा कारतूस, 45,220 रुपये नकद और कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2 नवंबर को एमएच नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदन कुमार सिंह अपने कुछ साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एमएच नगर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई और STF की संयुक्त टीम ने हसनपुरा प्रखंड के डिब्बी गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही घर में मौजूद कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने चंदन कुमार सिंह और विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति फरार हो गया।
तलाशी के दौरान चंदन सिंह के कमरे से एक देसी पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस मिले। वहीं, विकास कुमार के पास से एक देसी पिस्टल और सात कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा गैराज और वहां खड़ी गाड़ियों की तलाशी में दो अन्य पिस्टल, 43 जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन, एक ड्रैगन टॉर्च और 45,220 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने एक महिंद्रा थार और एक फोर्ड एंडेवर भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार सिंह के खिलाफ वर्ष 2010 से 2026 तक दरौंदा और एमएच नगर थानों में कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं शामिल हैं। इस संबंध में एमएच नगर थाना कांड संख्या 412/26 दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार व्यक्ति की तलाश में जुटी है।
ताबिश इरशाद की रिपोर्ट