Bihar Firecracker Blast: धमाकों से दहल उठा सीवान,कहर बनकर बरसे बारूद के गोले!,ताबड़तोड़ धमाकों से थर्राया इलाका, 5 की दर्दनाक मौत

Bihar Firecracker Blast: सिवान जिले में पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।...

Siwan Firecracker Blast
धमाकों से दहल उठा सीवान- फोटो : reporter

Bihar Firecracker Blast: सिवान जिले में पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में गुरुवार रात हुए धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मकान पूरी तरह ढह गया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

एक ही परिवार के पांच लोगों की गई जान

इस दर्दनाक हादसे में पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन (70), कल्लू, अशरफ (10), मुस्कान (23) और खुशबू (13) की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने पांच लोगों की मृत्यु की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या सात बताई गई थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने पांच मौतों की पुष्टि की।

विस्फोट के बाद मकान का मलबा दूर-दूर तक बिखर गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाश अभियान भी चलाया गया। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

घनी आबादी के बीच चल रहा था पटाखा निर्माण

आलमपुर गांव में जिस मकान में विस्फोट हुआ, वह घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में स्थित था। ऐसे स्थान पर पटाखों का निर्माण किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीण जुनेद रिजवी के मुताबिक, गांव के कुछ परिवार लंबे समय से पटाखे बनाने के कारोबार से जुड़े हुए हैं।

जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि विस्फोट पटाखे बनाने के दौरान हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पटाखा निर्माण से संबंधित लाइसेंस करीब 20 साल पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, लाइसेंस की मौजूदा वैधता, निर्माण की अनुमति और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

चार घंटे तक चला आग बुझाने का अभियान

धमाके के बाद मकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटनास्थल पर सदर एसडीपीओ आशुतोष गुप्ता, महाराजगंज एसडीपीओ अमन सहित जामो, बड़हरिया और गोरियाकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौजूद रही। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

जामो थानाध्यक्ष और चौकीदार निलंबित

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के अनुसार, शुरुआती जांच में थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद जामो थानाध्यक्ष धीरज कुमार और चौकीदार द्वारिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुका है पटाखा विस्फोट

सिवान जिले में पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 22 जनवरी 2026 को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़रम गांव में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी।आलमपुर की घटना ने रिहायशी इलाकों में पटाखा निर्माण, लाइसेंस की निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के जरिए यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इस हादसे के लिए कौन-सी जिम्मेदारियां तय होती हैं।

ताबिश इरशाद की रिपोर्ट