सिवान के बड़हरिया में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: पति-पत्नी और बेटी की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत
सिवान जिले के बड़हरिया में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई है। तीनों मृतकों की पहचान पति-पत्नी और उनकी बेटी के रुप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है......
Siwan : जिले से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। इस शक्तिशाली धमाके के बाद पूरे इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
20 से 25 मिनट तक गूंजती रहीं धमाकों की आवाजें
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे, वहां अचानक एक के बाद एक विस्फोट होने लगे। यह सिलसिला करीब 20 से 25 मिनट तक लगातार जारी रहा, जिससे आसपास का पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट इतना ज्यादा भीषण था कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका मलबा दूर-दूर तक बिखर गया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गई जान
इस भयानक हादसे की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों—पति, पत्नी और उनकी बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस त्रासदी के बाद पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया है, और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
पुलिस और प्रशासन की टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस बात की गंभीरता से जांच कर रहे हैं कि आवासीय इलाके में अवैध रूप से पटाखा निर्माण का यह खेल किस तरह चल रहा था और हादसे के पीछे के अन्य पहलू क्या हैं।
ताबिश की रिपोर्ट