Bihar Band:प्रदर्शनकारियों के पथराव में सीवान-सीतामढ़ी के एसपी घायल, बिहार बंद के दौरान बवाल, आंसू गैस से पुलिस ने संभाला मोर्चा

बिहार बंद के दौरान सीवान और सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक घायल हो गए हैं......

Siwan  Sitamarhi SP Injured
पथराव में सीवान-सीतामढ़ी के एसपी घायल- फोटो : social Media

Bihar Band: बिहार बंद के दौरान शनिवार को सिवान शहर में प्रदर्शन ने अचानक उग्र रूप ले लिया। जेपी चौक पर सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ने के बाद जमकर हंगामा हुआ। हालात बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा घायल हो गए।वहीं सीतामढ़ी में SP अमित रंजन घायल भी घायल हो गए हैं। सीतामढ़ी में भी छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया।डीएम कार्यालय पर पत्थरबाजी की खबर है।

जानकारी के अनुसार, सीवान में AISA और RYA के आह्वान पर आयोजित बिहार बंद के तहत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जेपी चौक पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद एसपी पूरन कुमार झा खुद मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से सड़क खाली करने की अपील की।

सीवान में इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पत्थर लगने से एसपी पूरन कुमार झा घायल हो गए।हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया गया और बाधित यातायात को फिर से बहाल कराया गया।

सीवान में प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे थे। बाद में प्रदर्शनकारियों ने जेपी चौक पर सभा कर अपनी मांगों को दोहराया।बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क था। शुक्रवार शाम जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पूरन कुमार झा ने शहर में फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। शनिवार को भी प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, पुलिस पर हमला करने और उपद्रव फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शहर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।