Sitamarhi Crime: सीतामढ़ी सदर अस्पताल से घायल आरोपी फरार, 4 सुरक्षाकर्मी भी नहीं रोक सके

Sitamarhi Crime: सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से हाफ एनकाउंटर में घायल आरोपी फेकन कुमार फरार हो गया। चार सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद आरोपी भाग निकला। पुलिस ने स्पेशल टीम बनाकर तलाश शुरू की।

Sitamarhi Crime

Sitamarhi Crime: सीतामढ़ी से बड़ी खबर सामने आई है। सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में इलाज करा रहा एक विचाराधीन बंदी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि उसकी निगरानी के लिए चार सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। फरार कैदी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के रहने वाले अमृत साह के पुत्र फेकन कुमार के रूप में हुई है। फेकन कुमार पर लूटपाट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह न्यायिक हिरासत में था।

जानकारी के अनुसार, 24 जून को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में फेकन कुमार के पैर में गोली लगी थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। घायल होने के कारण उसका इलाज सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में चल रहा था। इसी दौरान वह अस्पताल से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि फेकन कुमार किस दिशा में भागा और उसे किसी ने मदद तो नहीं की। चार सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद एक शातिर आरोपी का फरार हो जाना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसकी तलाश जारी है।

सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट