Anant Singh: बेटी की शादी के दिन ही खत्म हुई बंगला खाली करने की मियाद, अब अनंत सिंह पर क्या होगा एक्शन? सरेंडर की तारीख भी करीब

Anant Singh: जिस वक्त लदमा में बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी दौरान सरकारी आवास खाली करने की मियाद भी पूरी हो गई। ...

Anant Singh: बेटी की शादी के दिन ही खत्म हुई बंगला खाली करने
बेटी की शादी में जश्न के बाद अनंत पर दोहरी आफत!- फोटो : social Media

Anant Singh:बिहार की सियासत के बाहुबली चेहरे अनंत सिंह के घर इन दिनों शहनाइयां गूंजीैं। बेटी की शादी को लेकर लदमा स्थित पैतृक आवास पर खुशियों का माहौल है। रिश्तेदार और मेहमान अब विदा होने लगे हैं। रस्मों की अदायगी खत्होम हो गई  है और घर में जश्न का रंग चढ़ा हुआ है। लेकिन इन खुशियों के बीच अनंत सिंह के सामने मुश्किलों का ऐसा पहाड़ खड़ा है, जिसे नजरअंदाज करना आसान नहीं है। एक तरफ पटना का सरकारी बंगला खाली करने की मोहलत खत्म हो चुकी है, तो दूसरी तरफ दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक सरेंडर की तारीख भी सिर पर है।

दरअसल, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को आवंटित पटना के 1 मॉल रोड स्थित सरकारी आवास को खाली करने के लिए बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने फरमान जारी किया था। विभाग ने 26 अक्टूबर 2026 को नोटिस देकर एक महीने का वक्त दिया था। इसके तहत 25 नवंबर 2026 तक बंगला खाली करना था। यानी जिस वक्त लदमा में बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी दौरान सरकारी आवास खाली करने की मियाद भी पूरी हो गई। अब देखना होगा कि बंगला खाली करने को लेकर आगे क्या कदम उठाया जाता है।

अनंत सिंह के लिए दूसरी और सबसे बड़ी कानूनी चुनौती दुलारचंद यादव हत्याकांड है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट उनकी जमानत रद्द कर चुका है और उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दे चुका है। पहले सरेंडर की तारीख 1 दिसंबर 2026 बताई गई थी, लेकिन 30 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान अदालत ने बेटी की शादी को ध्यान में रखते हुए उन्हें अतिरिक्त वक्त दिया। लिखित आदेश में सरेंडर की अंतिम तारीख 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई।

इससे अनंत सिंह को शादी की रस्में पूरी कराने, मेहमानों की खातिरदारी और विदाई के बाद की जिम्मेदारियां निपटाने के लिए कुछ और मोहलत तो मिल गई। हालांकि, यह राहत अस्थायी है और तय तारीख तक कानूनी आदेश का पालन करना होगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच अनंत सिंह ने जनता को सबसे बड़ा निर्णायक बताया है। उनका कहना है कि असली न्याय जनता के दरबार में होता है। नेता किसी का अंतिम फैसला नहीं करता, बल्कि जनता सबका हिसाब तय करती है। अब शादी के जश्न के बाद उनकी अगली सियासी और कानूनी चाल पर सबकी निगाहें टिकी हैं। फिलहाल खुशियों के बीच बंगले और सरेंडर की दोहरी चुनौती अनंत सिंह के लिए बड़ी परीक्षा बन गई है।