नेता प्रतिपक्ष के 'डबल इंजन' वाले बयान पर उपेन्द्र कुशवाहा का पलटवार, कहा-तेजस्वी यादव के कलेजे पर लोट रहा सांप
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 'डबल इंजन सरकार के दोनों इंजनों में आग लग गई है' वाले बयान पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि राजद के खिसकते जनाधार से तेजस्वी यादव के कलेजे पर सांप लोट रहा है....
Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम स्थित एक निजी पैलेस में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री के जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के सुप्रीमो सह सांसद उपेंद्र कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने राज्य के राजनीतिक हालातों और विपक्ष की बयानबाजी पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर जोरदार हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक हताशा और बौखलाहट का परिणाम करार दिया।
'तेजस्वी के कलेजे पर लोट रहा सांप', बौखलाहट में दे रहे बयान
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 'डबल इंजन सरकार के दोनों इंजनों में आग लग गई है' वाले बयान पर तीखा कटाक्ष करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि तेजस्वी यादव के कलेजे पर सांप लोट रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का जनाधार लगातार खिसक रहा है और इसी बौखलाहट में इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि बांकीपुर में भले ही एनडीए की हार हुई हो, लेकिन वहां महागठबंधन के प्रत्याशी की तो जमानत तक जब्त हो गई, जो विपक्ष के खिसकते जनाधार का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
बिहार में वित्तीय संकट के आरोपों को बताया बेबुनियाद
बिहार में कथित वित्तीय संकट को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उन्हें फिलहाल इसकी कोई विस्तृत जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां तक वित्तीय मामलों का सवाल है, उसमें समय-समय पर उतार-चढ़ाव आना एक सामान्य प्रक्रिया है। कुशवाहा ने विपक्ष के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राज्य पर वित्तीय संकट के आरोप कहीं से भी साबित नहीं होते हैं।
बाढ़ से लेकर सुखाड़ तक हर मोर्चे पर मुस्तैदी से काम कर रही सरकार
राज्य सरकार के कामकाज का बचाव करते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख ने कहा कि बिहार की जो भी वास्तविक समस्याएं हैं, उन पर सरकार निरंतर और पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चाहे प्रदेश में बाढ़ की विभीषिका हो या फिर सुखाड़ का संकट, राज्य सरकार हर आपदा की स्थिति में आम जनता को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए मुस्तैदी से जुटी हुई है। ऐसे में सरकार की नीयत और कार्यों पर सवाल उठाना पूरी तरह से अनुचित है।
भाजपा नेता ने किया था आयोजन, जदयू विधायक भी रहे मौजूद
सासाराम में आयोजित यह भव्य जयंती समारोह स्थानीय भाजपा नेता चंद्रशेखर पासवान द्वारा आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। समारोह के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के साथ जदयू विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी भी मंच पर मौजूद रहे और उन्होंने भी स्वर्गीय शास्त्री जी के अद्वितीय योगदान को याद किया।
रंजन की रिपोर्ट