जमुई घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन : सीएम सम्राट का फूंका पुतला, मांगा इस्तीफा

जमुई घटना पर बिहार की राजनीति गरम हो गई है। घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस द्वारा मंगलवार को राजधानी पटना में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के नेताओं ने सीएम सम्राट का पुतला दहन किया और इस्तीफे की मांग की......

जमुई घटना के विरोध में  यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन : सीएम सम्र
जमुई घटना के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन- फोटो : अनिल कुमार


Patna : जमुई में बच्ची के साथ हुई छेड़खानी की घटना को लेकर बिहार यूथ कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओ ने मंगलवार को पटना में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला फूंका। इस दौरान यूथ कांग्रेस की नेत्री ने राज्य की एनडीए सरकार और पुलिस-प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जमुई में घटी इस जघन्य वारदात से हर संवेदनशील नागरिक का मन गहराई से व्यथित है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है 


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयानों का हवाला देते हुए उन्होंने उनके इस्तीफे की सीधी मांग की। उन्होंने याद दिलाया कि सम्राट चौधरी ने पहले कहा था कि अगर उनके गांव में ऐसी कोई घटना होती तो वे पद से इस्तीफा दे देते। नेत्री ने सवाल दागा कि क्या बिहार का हर गांव उनका अपना गांव नहीं है? उन्होंने पूछा कि जब पूरे प्रदेश में बेटियां असुरक्षित हैं, तो मुख्यमंत्री अपने वादे के मुताबिक इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं 


'सुशासन' के दावों पर उठे गंभीर सवाल 

राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे सुशासन के दावों को कटघरे में खड़ा करते हुए यूथ कांग्रेस नेत्री ने कहा कि बिहार में महिलाओं की सुरक्षा का दावा पूरी तरह खोखला साबित हो चुका है। नीट परीक्षा लीक कांड हो या राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बलात्कार की सामने आती घटनाएं, सरकार हर मोर्चे पर विफल नजर आ रही है। जमुई में मासूम के साथ हुई दरिंदगी के बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है 


प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर तीखा प्रहार 

प्रशासनिक तंत्र के रवैये पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में आम इंसान और खास तौर पर महिलाओं की जान-माल की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार में बैठे प्रभावशाली लोगों का यदि कोई पालतू जानवर भी खो जाता है, तो पूरा प्रशासनिक अमला उसे ढूंढने में जुट जाता है। लेकिन जब किसी बेटी के साथ इतना भयानक अपराध होता है, तो त्वरित कार्रवाई और सुनवाई का अभाव दिखता है 


महिलाओं की सुरक्षा पर उग्र आंदोलन की चेतावनी 

यूथ कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि जमुई मामले में पीड़िता को जल्द से जल्द कड़ा न्याय नहीं दिलाया गया, तो संगठन इस लड़ाई को और तेज करेगा। कहा कि बिहार की महिलाओं और बेटियों के अधिकारों एवं सुरक्षा की रक्षा के लिए यूथ कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार की विफलताओं को उजागर करती रहेगी 


अनिल की रिपोर्ट