Weather Forecast: मौसम का बड़ा अलर्ट! अगले 12 घंटे में 17 राज्यों में तूफानी बारिश का खतरा, 80 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने जारी की चेतावनी

Weather Forecast: 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट किया गया है। जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब और उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों का मौसम अपडेट।

Weather Forecast
देशभर में मौसम का कहर- फोटो : freepik

Weather Forecast: मई के आखिरी दिनों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 12 घंटों के भीतर देश के 17 राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में लू का असर कमजोर पड़ चुका है और बाकी क्षेत्रों में भी जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई को उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज आंधी चलने की भी संभावना है, जहां हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 30 मई को मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और लक्षद्वीप के कई नए क्षेत्रों तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों में मानसून तमिलनाडु, केरल और आसपास के अन्य इलाकों में और आगे बढ़ सकता है। बारिश और आंधी को लेकर जिन राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, बिहार, त्रिपुरा, मिजोरम, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, केरल, तमिलनाडु, नागालैंड और मध्य प्रदेश शामिल हैं।

दिल्ली-यूपी का मौसम

दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि 1 और 2 जून को बादल छाए रहने के बावजूद बारिश की संभावना नहीं है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा और मेरठ समेत कई शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

बिहार-राजस्थान में मौसम का हाल

बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा समेत कई जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। राजस्थान में धूलभरी आंधी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम सक्रिय रह सकता है। कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

देश के पहाड़ी इलाकों में मौसम का हाल

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम सुहावना बना हुआ है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चमोली और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर ओले गिर सकते हैं और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।पंजाब में 31 मई और 1 जून को कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर में 31 मई को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि 4 और 5 जून को फिर से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।