बदलेगा मौसम का मिजाज : बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आहट, पहाड़ों पर बर्फबारी और बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान

बदलेगा मौसम का मिजाज : बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आहट, पह
मौसम का हाल- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Weather Report : देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। एक ओर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है, तो दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे पहाड़ों पर सर्दी बढ़ेगी और मैदानी क्षेत्रों का मौसम भी प्रभावित हो सकता है। 16 नवंबर के लिए देश के कई हिस्सों में बारिश, कोहरे और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।


16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदल सकता है अवदाब, 17 को और तीव्र होने के आसार


आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 16 नवंबर को इसके चक्रवाती तूफान में बदलने और 17 नवंबर को और अधिक तीव्र होने की आशंका जताई है। इस संभावित चक्रवात के असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है, जिससे समुद्र में भी स्थिति खतरनाक बनने की आशंका है।


बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में सोमवार को बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान में 16 से 21 नवंबर तक राज्य के सभी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश, गरज-चमक या आंधी को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर आने वाले दिनों में पूर्वी भारत के मौसम पर पड़ सकता है। फिलहाल आईएमडी ने बिहार के लिए इस अवधि में किसी तरह का भारी बारिश या तेज हवा का अलर्ट जारी नहीं किया है।


यूपी में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी, यातायात प्रभावित होने की आशंका


16 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में रात और सुबह के वक्त घने से बहुत घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है, जहां दृश्यता 200 मीटर से भी कम रह सकती है। विशेष रूप से बरेली, कुशीनगर, अयोध्या और आजमगढ़ सहित अन्य जिलों में कोहरे का ज्यादा असर दिख सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर प्रभाव पड़ने की संभावना है।


पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का अनुमान


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 नवंबर को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। दक्षिण भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि आने वाले दिनों में चक्रवाती प्रभाव के कारण तटीय इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।


बंगाल की खाड़ी में 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार, मछुआरों को सतर्कता की सलाह


बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के चलते समुद्र में हालात बिगड़ सकते हैं। आईएमडी के मुताबिक, 16 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में हवाओं की गति 55 से 65 किमी प्रति घंटे रह सकती है, जो दोपहर तक बढ़कर 75 से 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, मध्य बंगाल की खाड़ी में शाम से हवाओं की रफ्तार 90 से 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिसे देखते हुए मछुआरों और तटीय इलाकों के निवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।