Bihar News: अब पशु नहीं रहेंगे बीमार! पशु चिकित्सा शिविर में उमड़ी भारी भीड़! 252 बेजुबानों की बचाई गई जान

Bihar News: भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धर्मवीर कुमार ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुओं का नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार एवं स्वच्छ वातावरण उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

Veterinary cum awareness camp
पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन - फोटो : social media

Bihar News:  राजधानी पटना के सटे बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला प्रखंड के रामनगर दियारा पंचायत के गणपत राय टोला में आयोजित इस शिविर का विधिवत उद्घाटन प्रखंड परियोजना प्रबंधक स्वाति श्रीवास्तव, भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धर्मवीर कुमार एवं डॉ. अक्षांश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धर्मवीर कुमार ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुओं का नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार एवं स्वच्छ वातावरण उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

पशुओं के साथ ना बरते लापरवाही 

उन्होंने पशुपालकों को गाय, भैंस एवं बकरियों में होने वाली प्रमुख बीमारियों जैसे खुरपका-मुंहपका, गलघोटू, लंपी स्किन रोग, थनैला तथा बकरी प्लेग आदि के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए आय का एक सशक्त माध्यम है, इसलिए पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। 

पशुपालकों के लिए लगा शिविर 

शिविर के माध्यम से पशुपालकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, खनिज मिश्रण एवं पशु स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई, जिससे पशुओं की उत्पादकता में वृद्धि होगी तथा पशुपालकों की आय सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर प्रखंड परियोजना प्रबंधक स्वाति श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हो पाती हैं।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट