दहेज की भूख ने ली नवविवाहिता की जान, तीन महीने में उजड़ गया सुहाग, गला दबाकर हत्या का आरोप
Bihar Crime:दहेज की लालच में ससुराल वालों पर नवविवाहिता की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है।...
Vaishali: जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दहेज की लालच में ससुराल वालों पर नवविवाहिता की हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। शादी को अभी महज तीन महीने ही हुए थे कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति और सास ने मिलकर कथित तौर पर बहू का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया।
मृतका की पहचान हरिलोचनपुर सुक्की निवासी सुरेश राय की 21 वर्षीय पुत्री रंगीला कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंगीला कुमारी की शादी बीते 4 दिसंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हाजीपुर सदर क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी राजेश्वर राय के पुत्र रोहित कुमार के साथ हुई थी। शादी के दौरान लड़की पक्ष की ओर से नगदी और घरेलू सामान भी दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की लालच खत्म नहीं हुई।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति रोहित कुमार और उसकी मां इंदु देवी द्वारा दहेज में एलईडी टीवी और मिक्सर मशीन की मांग की जाने लगी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो रंगीला कुमारी को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। कभी ताने, कभी मारपीट—यानी ससुराल में उसकी जिंदगी धीरे-धीरे जहन्नुम बनती चली गई।
रोहित कुमार हाजीपुर कोर्ट में एक वकील का निजी मुंशी बताया जा रहा है और अक्सर वहीं रहता था। वहीं ससुराल में रंगीला पर दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाता रहा। परिवार वालों का कहना है कि रंगीला कई बार फोन कर अपनी पीड़ा बताती थी और कहती थी कि ससुराल वाले टीवी और मिक्सर के लिए उसे परेशान कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को सोमवार की शाम करीब 5:17 बजे मिली। जब परिजन भागे-भागे इस्माइलपुर स्थित ससुराल पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर के सभी लोग फरार थे और रंगीला कुमारी का शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंचकर अपनी कार्रवाई में जुटी हुई थी।
मृतका के चाचा पिंटू कुमार ने साफ आरोप लगाया है कि उनकी भतीजी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे और रंगीला को मारते-पीटते थे।
उधर घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इस्माइलपुर गांव से संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता का शव मिलने की सूचना मिली थी। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित आवेदन का इंतजार किया जा रहा है। आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार