वैशाली में NH-22 पर हादसा, ट्रक से टकराकर पलटी CNG कार, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद कार पलटने से सभी लोग अंदर फंस गए। इसके बाद उन्होंने गाड़ी के शीशे तोड़कर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
Bihar News : वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर गोढ़िया पुल के पास एक सड़क हादसा हो गया। ट्रक से टकराने के बाद मारुति अर्टिगा कार बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद कार से CNG गैस का रिसाव होने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद कार पलटने से सभी लोग अंदर फंस गए। इसके बाद उन्होंने गाड़ी के शीशे तोड़कर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्परता दिखाते हुए गैस रिसाव को बंद कराया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। वहीं, गोरौल के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग पटना सिटी के रहने वाले हैं और पटना से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ऋषभ की रिपोर्ट