कुशवाहा के निशाने पर राहुल और राबड़ी: बोले- नियम से चलता है सदन, और हार के गम में होश खो बैठी हैं राबड़ी देवी

राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल गांधी को संसदीय नियमों की याद दिलाई और राबड़ी देवी के बयानों को हार की हताशा बताया है।

कुशवाहा के निशाने पर राहुल और राबड़ी: बोले- नियम से चलता है

Patna - राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के हालिया बयानों ने बिहार से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। राहुल गांधी के संसदीय रुख और राबड़ी देवी की कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी को लेकर कुशवाहा ने कड़ा रुख अपनाया है।

राहुल गांधी के 'विशेषाधिकार' वाले बयान पर पलटवार

अमेरिका और भारत के बीच हुई ट्रेड डील को किसान विरोधी बताने और विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव की बात करने पर राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि संसद किसी व्यक्ति की इच्छा से नहीं, बल्कि नियमावली से चलती है। कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि स्पीकर और सदस्य मिलकर नियम तय करते हैं और उल्लंघन होने पर कार्रवाई का प्रावधान पहले से मौजूद है। उनके इस बयान को राहुल गांधी के लिए संसदीय प्रक्रिया की 'नसीहत' के तौर पर देखा जा रहा है। 

राबड़ी देवी की टिप्पणियों को बताया 'राजनीतिक हताशा'

बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों पर उपेंद्र कुशवाहा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी के मुंह में जो आता है, वह बोलती रहती हैं। कुशवाहा ने राजद पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता द्वारा चुनाव में नकारे जाने के बाद राजद अपनी हार पचा नहीं पा रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों को 'राजनीतिक बौखलाहट' का परिणाम बताया। 

वंदे मातरम विवाद पर साधी चुप्पी

जब पत्रकारों ने ‘वंदे मातरम’ विवाद को लेकर उपेंद्र कुशवाहा की राय जाननी चाही, तो उन्होंने इस मुद्दे पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि इस विषय पर पहले ही बहुत चर्चा हो चुकी है, जिससे यह साफ संकेत मिला कि वे इस विवादित मुद्दे को और तूल देना नहीं चाहते।

Report - Ranjit kumar