गुरु जी की दरियादिली: जान से मारने की धमकी देने वाले ' जबरा फैन' को पुलिस ने मुंगेर से पकड़ा, गुरु रहमान खुद उठाएंगे उसके इलाज का खर्च

पटना के मशहूर शिक्षक गुरु रहमान को धमकी देने वाला युवक उनका ही पुराना छात्र निकला। युवक की मानसिक स्थिति खराब होने की बात सामने आने पर गुरु जी ने खुद उसके इलाज का खर्च उठाने का फैसला किया है।

गुरु जी की दरियादिली: जान से मारने की धमकी देने वाले ' जबरा

Patna -  राजधानी के चर्चित शिक्षक एम. गुरु रहमान को कोचिंग संस्थान में घुसकर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पटना पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से ढूंढ निकाला है। आरोपित की पहचान मुंगेर जिले के बरियारपुर (ग्राम रेबता) निवासी आजाद कुमार के रूप में हुई है। दिलचस्प और हैरान करने वाली बात यह है कि आजाद, गुरु रहमान का पुराना छात्र और उनका 'जबरा फैन' रहा है। 

CCTV और टेक्निकल टीम ने मुंगेर में दबोचा

धमकी की शिकायत पीरबहोर थाना में दर्ज होते ही पटना एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। कोचिंग संस्थान के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस की टीम मुंगेर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि आजाद कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह बिना बताए घर से निकल गया था। वह किसी तरह पटना के गोपाल मार्केट स्थित संस्थान पहुंचा और गुरु जी को 10 दिनों के भीतर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया था। 

शिक्षक ने जताया पुलिस का आभार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर खुशी जाहिर करते हुए गुरु रहमान ने कहा, "मैं और मेरे हजारों छात्र पिछले कुछ दिनों से काफी डरे हुए थे। पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए उस युवक को खोज निकाला है, जिससे मेरी और मेरे करीबियों की मानसिक पीड़ा कम हुई है। पटना पुलिस बधाई की पात्र है।" 

मानवता की मिसाल: 'सजा नहीं, इलाज कराएंगे गुरु जी'

धमकी देने वाले युवक की मानसिक स्थिति का पता चलते ही गुरु रहमान ने मानवता की एक बड़ी मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि उन्हें उस युवक की स्थिति की चिंता है, न कि उससे कोई द्वेष। गुरु रहमान ने वादा किया है कि वे आजाद के परिजनों की मदद करेंगे और उसके इलाज के लिए झारखंड के रांची (कांके अस्पताल) में भर्ती कराने से लेकर दवाइयों तक का पूरा खर्च स्वयं उठाएंगे।

रिपोर्ट - अनिल कुमार