Delhi University: DU के राजधानी कॉलेज में ‘विचार मंथन 8.0’ का समापन सत्र सम्पन्न, मुख्य अतिथि रहे श्री हरिवंश
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज में विचार मंथन 8.0 का सफल समापन हो गया। इस मौके पर राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहें।
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय के राजधानी कॉलेज की चैतन्य डिबेटिंग सोसाइटी द्वारा आयोजित विचार मंथन 8.0 (मॉडल यूनाइटेड नेशंस 2026) का समापन सत्र गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति, माननीय श्री हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत “चंद्रशेखर की विरासत: प्रणालीगत संकट के बीच भारत के आर्थिक सुधारों को गति” विषय पर एक विचारोत्तेजक पैनल चर्चा आयोजित की गई।
इस चर्चा में वरिष्ठ पत्रकार श्री श्यामलाल यादव सहित डॉ पंकज सिंह, डॉ वसुधा जौली, डॉ शैली गुप्ता , डॉ संजीव और डॉ मोहिनी अग्रवाल ने सहभागिता कर उपस्थिति दर्ज करायी । कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में श्री हरिवंश ने युवाओं के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, नैतिक नेतृत्व और सार्थक संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। पैनल चर्चा के दौरान आर्थिक नीतियों, शासन की चुनौतियों तथा चंद्रशेखर जी के विचारों की प्रासंगिकता पर गंभीर विमर्श हुआ। छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी सार्थक बनाया।
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन राजधानी कॉलेज के प्राचार्य प्रो० दर्शन पांडेय के नेतृत्व तथा डॉ. शिवाजी सिंह के संयोजन में सम्पन्न हुआ। समापन सत्र प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा, जिसने विद्यार्थियों में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को और सुदृढ़ किया।