Bihar News : पटना में बड़ा हादसा, गंगा नदी में डूबने से तीन किशोरों की हुई दर्दनाक मौत, दो को स्थानीय लोगों ने बचाया

Bihar News : पटना में गंगा नदी में स्नान करते समय तीन किशोरों की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। कुल पांच बच्चे डूबे थे जिनमें से तीन की मौत हो गई.......पढ़िए आगे

Bihar News : पटना में बड़ा हादसा, गंगा नदी में डूबने से तीन
डूबने से 3 की गयी जान - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गंगा नदी में स्नान करने के दौरान पांच किशोर गहरे पानी में चले गए, जिनमें से तीन बच्चों की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दो बच्चों को स्थानीय लोगों की सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों में चीख-पुकार मची है।

बिना बताए नहाने गए थे सभी बच्चे, एक-दूसरे को बचाने में डूबे

घटना शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित हेतनपुर घाट की है। जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त अपने परिजनों को बिना बताए गंगा नदी में नहाने के लिए घर से निकले थे। स्नान करने के दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। इसी बीच 10 वर्षीय पीयूष कुमार डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए उसका दोस्त तेज कुमार आगे बढ़ा। पास ही खड़ा प्रिंस कुमार भी दोनों को बचाने के लिए गहरे पानी में उतर गया। इस जद्दोजहद में तीनों बच्चों ने एक-दूसरे को कसकर पकड़ लिया, जिससे तीनों ही नदी की गहराई में समा गए। वहीं, बाकी के दो बच्चे कड़ी मशक्कत कर तैरकर पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहे।

अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सुरक्षित बाहर निकले दोनों बच्चों ने तुरंत भागकर परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब उन्हें पानी से निकाला गया तब उनकी सांसें चल रही थीं। तीनों को आनन-फानन में दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने के रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पीयूष कुमार (पिता धर्मवीर राय), तेज कुमार (पिता सत्येंद्र राय) और प्रिंस कुमार (पिता अमिताभ बच्चन राय) के रूप में हुई है।

प्रशासन ने दी 20-20 हजार की त्वरित सहायता, आपदा राहत की प्रक्रिया शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी (CO) चंदन कुमार और शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अंचलाधिकारी ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को तत्काल 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की और आश्वासन दिया कि आपदा राहत कोष के तहत मिलने वाली मुख्य मुआवजा राशि (4-4 लाख रुपये) की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।