Bihar News : पटना में दुकान के आगे पाइप रखने का विरोध करना दुकानदार को पड़ा महंगा, दबंगों ने किया जानलेवा हमला, भाई का सिर फटा
Bihar News : पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में रास्ते पर पाइप रखे जाने का विरोध करना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने दुकानदार और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया।
PATNA : पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दुकान के आगे पाइप रखकर रास्ता जाम करने का विरोध करना एक दुकानदार और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से आगबबूला होकर स्थानीय दबंगों ने लोहे की रॉड और हथियारों से पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें शिकायतकर्ता के भाई का सिर फट गया है।
दुकान के आगे पाइप रख कर दिया था मुख्य रास्ता बंद
पीड़ित दुकानदार अभि बंसल ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पूरी घटना की जानकारी दी है। शिकायत के अनुसार, रविवार सुबह जब अभि बंसल अपनी दुकान पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकान के ठीक सामने बड़े-बड़े भारी पाइप रखकर मुख्य रास्ते को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया था। इसके कारण न सिर्फ उनकी दुकान, बल्कि आसपास के अन्य दुकानदारों और ग्राहकों का आवागमन भी पूरी तरह ठप हो गया था।
विरोध करते ही लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से किया हमला
जब अभि बंसल ने सार्वजनिक रास्ते पर इस तरह पाइप रखने का विरोध किया, तो वहां मौजूद कथित दबंग भड़क गए। आरोप है कि देखते ही देखते मुख्य आरोपित मिशेल कुमार उर्फ मोनू और उसका भाई मनीष कुमार अपने साथ 8 से 10 अज्ञात हथियारबंद लड़कों को लेकर मौके पर धमक गए। इन लोगों ने आते ही दुकानदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जब परिजनों ने बीच-बचाव करना चाहा, तो उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए अन्य दुकानदारों को भी पीटा, अस्पताल में भर्ती
इस खूनी संघर्ष के दौरान आरोपितों ने अभि बंसल के भाई राज बंसल के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। जब बाजार के अन्य दुकानदार और पीड़ित के परिजन बीच-बचाव करने दौड़े, तो दबंगों ने उनके साथ भी मारपीट की। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले की तफ्तीश और छापेमारी में जुटी
पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए नामजद आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस टीम ने घायलों का बयान दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।