Railway News : 'मेरी ड्यूटी खत्म हो गई' कहकर लोको पायलट उतरा, ट्रैक पर खड़ी रह गई ट्रेन, मोकामा- पटना रूट पर मचा हड़कंप

Railway News : 'मेरी ड्यूटी खत्म हो गई' कहकर लोको पायलट उतरा

PATNA : पटना–मोकामा रेलखंड पर रविवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जिसने यात्रियों और रेलकर्मियों को हैरान कर दिया। औंटा स्टेशन पर एक मालगाड़ी करीब एक घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही, क्योंकि लोको पायलट ने अपनी ड्यूटी समाप्त होने का हवाला देते हुए ट्रेन आगे ले जाने से इनकार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मोकामा से बरौनी की ओर जा रही मालगाड़ी सुबह 11 बजकर 48 मिनट पर औंटा स्टेशन पहुंची। ट्रेन रुकते ही लोको पायलट ने अधिकारियों को सूचित किया कि उसकी निर्धारित ड्यूटी का समय पूरा हो चुका है और वह अब ट्रेन को आगे नहीं चला सकता। इसके बाद उसने ट्रेन को ट्रैक पर ही खड़ा कर दिया और ड्यूटी समाप्त होने की बात कहकर नीचे उतर गया।

इस अप्रत्याशित घटना से पटना–मोकामा रेल रूट पर कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। मौके पर मौजूद रेलकर्मी भी इस स्थिति से चौंक गए। मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तत्काल दूसरे लोको पायलट को मौके पर बुलाने की व्यवस्था की। करीब एक घंटे से अधिक इंतजार के बाद दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर नया लोको पायलट औंटा स्टेशन पहुंचा। इसके बाद मालगाड़ी को आगे बरौनी की ओर रवाना किया गया और रेल परिचालन सामान्य हो सका।

घटना के बाद रेलवे महकमे में भी इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। नियमों के अनुसार लोको पायलट की ड्यूटी का समय निर्धारित होता है, लेकिन बीच रास्ते में ट्रेन छोड़ने की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल रेलवे अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

प्रियदर्शन की रिपोर्ट