तेजस्वी यादव जाएंगे राज्यसभा, राजश्री लड़ेंगी विधानसभा उपचुनाव ! विधायकों को बुलाया गया पटना, इस दिन ऐलान
राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को पार्टी की अहम बैठक बुलाई है. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 1 मार्च को पार्टी के पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी.
Bihar Rajya Sabha : बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू हो गई है और मतदान 16 मार्च को होगा. विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से एनडीए के खाते में 4 सीटें आसानी से जा सकती हैं. वहीं 5वीं सीट पर जीत हासिल करने के लिए जहां एनडीए की रणनीतियां जारी हैं, वहीं राजद ने एक अलग तैयारी शुरू की है. बिहार की सियासत से अलग अब तेजस्वी यादव केंद्र की सियासत में सक्रिय होना चाहते हैं. इसके लिए वे राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर सकते हैं.
इस बीच राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को पार्टी की अहम बैठक बुलाई है. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 1 मार्च को पार्टी के पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी. यह बैठक पार्टी नेता तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में होगी. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठनात्मक मुद्दों, आगामी चुनावी रणनीति और संभावित राजनीतिक फैसलों पर चर्चा की जाएगी. इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव में क्या रणनीति हो इस पर भी बड़ी चर्चा होगी.
तेजस्वी जाएंगे राज्यसभा
सूत्रों के अनुसार बिहार विधान सभा चुनाव में राजद को मिली करारी हार के बाद अब तेजस्वी ने कुछ अलग करने की योजना बनाई है. इसी को लेकर वे खुद केंद्र की राजनीति में सक्रिय होंगे और इसके लिए राज्यसभा सांसद बनेंगे. यह कुछ वैसा ही होगा जैसे उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सपा के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद उन्होंने खुद को केंद्र की राजनीति में सक्रिय किया था. अब तेजस्वी भी उसी राह पर हो सकते हैं.
41 की जरूरत 25 ही विधायक
वर्तमान में पांच में से तीन सीटें सत्तारूढ़ एनडीए के पास हैं. जबकि दो सीटें लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास हैं. माना जा रहा है कि एनडीए चार सीटों पर आसानी से कब्जा जमा सकता है. राज्यसभा चुनाव के मौजूदा गणित के अनुसार, एक उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 41 विधायकों के वोटों की जरूरत होगी. वहीं राजद के विधानसभा में केवल 25 विधायक हैं, जो राज्यसभा सीट जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल से काफी कम है.
ऐसे मिलेगा समर्थन
राजद के भले ही 25 विधायक हैं. लेकिन कांग्रेस के 6 , वामदलों के 4 और आईपीपी के 1 विधायक को जोड़कर यह संख्या 35 हो जाती है. वहीं एआईएमआईएम और बसपा के कुल 6 विधायक हैं. अगर इन सबका साथ तेजस्वी की उम्मीदवारी के बाद मिल जाता है तो यह 41 हो जाएगा. इस तरह वे आसानी से राज्यसभा चले जाएंगे.
राजश्री लड़ेंगी उप चुनाव
लालू यादव की तरह ही तेजस्वी यादव भी अपनी पत्नी राजश्री को बिहार में बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं. अगर तेजस्वी राज्यसभा जाते हैं तो उनकी पत्नी राजश्री राघोपुर विधानसभा के उप चुनाव में राजद प्रत्याशी हो सकती हैं. साथ ही चुनाव जीतने की स्थिति में राजश्री को बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है.
रंजन की रिपोर्ट