अन्नाद्रमुक, शिवसेना, अकाली दल की तरह जदयू को खत्म कर रही भाजपा, नीतीश के राज्यसभा जाने पर तेजस्वी का हमला

तेजस्वी ने कहा, चुनाव के समय ही उनकी पार्टी लगातार कहती रही थी कि नीतीश कुमार को आगे कर भाजपा अपना लक्ष्य साध रही है।

Tejashwi Yadav attacks Nitish Kumar
Tejashwi Yadav attacks Nitish Kumar - फोटो : news4nation

Bihar News :  तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के हटने और राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सुनियोजित तरीके से जदयू को कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रही है। तेजस्वी ने कहा कि जनभावना सत्ता परिवर्तन के खिलाफ है, लेकिन भाजपा ने साजिश के तहत नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने की पूरी पटकथा पहले से तैयार कर रखी थी। उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान “2025 से 30 फिर से नीतीश” का नारा दिया गया था, लेकिन अब बिना किसी सार्वजनिक चर्चा के उन्हें पद से हटाया जा रहा है।


उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय ही उनकी पार्टी लगातार कहती रही थी कि नीतीश कुमार को आगे कर भाजपा अपना लक्ष्य साध रही है। तेजस्वी ने कहा, “हम पहले से कहते आ रहे थे कि चुनाव में उन्हें आगे किया गया, लेकिन असली फैसला बाद में होगा।” उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र मॉडल की तर्ज पर बिहार में भी भाजपा अपनी सहयोगी पार्टी को कमजोर कर अंततः खुद की सरकार बनाने की तैयारी में है।


तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि भाजपा की रणनीति पहले सहयोगी दलों को कमजोर करने और फिर उन्हें राजनीतिक रूप से समाप्त करने की रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अन्य राज्यों में भी सहयोगी दलों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया गया। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक, महाराष्ट्र में शिवसेना, पंजाब में अकाली दल को इसी तर्ज पर भाजपा ने खत्म करनी साजिश रची। अब उसी तरह जदयू को खत्म किया जा रहा है। 


उन्होंने ओबीसी, पिछड़ा और दलित समाज के सवाल को भी उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा इन वर्गों को वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं देना चाहती। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी। ओडिशा और मध्य प्रदेश में भी भाजपा ने रबर स्टाम्प मुख्यमंत्री बना रखा है। उसी तरह बिहार में भाजपा ने नीतीश कुमार और जदयू को हटाकर करने की तैयारी कर ली है।