तेजस्वी का बड़ा हमला: छल-कपट और मशीन तंत्र से बनी है बिहार सरकार, दो महीने से नहीं हुई कोई कैबिनेट मीटिंग

तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में 2 महीने से कोई कैबिनेट मीटिंग नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार छल-कपट और बेईमानी से बनी है।

तेजस्वी का बड़ा हमला: छल-कपट और मशीन तंत्र से बनी है बिहार सर

Patna - : बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की मौजूदा एनडीए सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में पिछले दो महीनों से एक भी कैबिनेट मीटिंग नहीं हुई है, जिससे विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं।

"जबरदस्ती और बेईमानी से बनाई गई सरकार"

तेजस्वी यादव ने सरकार के गठन पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि यह जनता के मैंडेट वाली सरकार नहीं है। उन्होंने कहा, "भाजपा और एनडीए के लोगों ने तंत्र-मंत्र, धन-बल और मशीन तंत्र का दुरुपयोग कर जबरदस्ती बेईमानी से सरकार बनाई है। इनमें न तो कोई विजन है और न ही राज्य के विकास के प्रति कोई गंभीरता। यही कारण है कि बिहार में आज स्थिरता (Stability) नाम की कोई चीज नहीं है।"

पलायन और बेरोजगारी पर चुप्पी पर घेरा

राज्य में बढ़ते पलायन के मुद्दे पर तेजस्वी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार के लोग जो बाहर बसे हुए थे, वे भारी तादाद में वापस लौट रहे हैं, लेकिन सरकार के पास उनके लिए कोई इंतजाम नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग महंगाई, बेरोजगारी और गैस-डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से त्रस्त हैं, लेकिन सरकार केवल कुर्सी के खेल में उलझी हुई है।

अपराध और बदहाली का गढ़ बनता बिहार

तेजस्वी ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में लूट, अपहरण, हत्या और गैंगरेप जैसी घटनाएं रोज की बात हो गई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "जब मौसम खराब हुआ और ओला गिरने से किसानों की फसलें बर्बाद हुईं, तब सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं थी। मुख्यमंत्री को अपमानित किया जा रहा है, कभी उनका हाथ खींचा जाता है तो कभी कुर्ता। ऐसी स्थिति में बिहार का भला कैसे होगा?"

"सबको मुख्यमंत्री बनना है, बिहार जाए भाड़ में"

मुख्यमंत्री पद के लिए मची खींचतान पर प्रहार करते हुए तेजस्वी ने कहा कि एनडीए के अंदर हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। उन्होंने कहा, "जेडीयू के लोग निशांत जी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, वहीं भाजपा में तो हर नेता को मुख्यमंत्री ही बनना है। दिन-रात इनका यही खेल चलता रहता है। इसी चक्कर में इन लोगों ने बिहार को बर्बाद कर दिया है।"

Report - Ranjan kumar