बेतिया में आग का तांडव: 150 घर जलकर राख, करोड़ों की संपत्ति स्वाहा और कई मवेशियों की मौत, आपदा मंत्री ने संभाली कमान

Bettiah Fire Incident - प•चम्पारण के बैरिया प्रखंड में लगी भीषण आग में 150 घर जलकर राख। करोड़ों का नुकसान और कई मवेशी मरे। आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद ने किया राहत कार्यों का निरीक्षण।

बेतिया में आग का तांडव: 150 घर जलकर राख, करोड़ों की संपत्ति

Bettiah - : पश्चिम चम्पारण के बैरिया प्रखंड में शुक्रवार की शाम एक हृदयविदारक घटना घटी, जहाँ भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे मुसहरी टोला को अपनी चपेट में ले लिया। लौकरिया पंचायत के वार्ड संख्या 3 और 5 में लगी इस आग ने करीब 150 परिवारों के आशियाने को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे उठी आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि लोगों को अपने घरों से कीमती सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। 

करोड़ों का नुकसान और बेघर हुए ग्रामीण


इस भीषण अग्निकांड में ग्रामीणों की जीवनभर की कमाई खाक हो गई है। प्रभावित परिवारों के अनुसार, इस हादसे में करोड़ों रुपये के सामान और नकदी का नुकसान हुआ है। पीड़ित सुदामा पासवान ने अपना दुख साझा करते हुए बताया कि उनके एक लाख रुपये नकद, 100 बकरियां, मोटरसाइकिल और गहने सब जलकर खाक हो गए। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ तक कि पक्के मकानों के भीतर रखा सामान भी सुरक्षित नहीं रह सका।

बेटी की शादी और आशियाना उजड़ने का गम


अगलगी की इस घटना ने कई परिवारों के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है। गांव की सरस्वती देवी ने रोते हुए कहा, "अब मेरी बिटिया की शादी कैसे होगी? सब कुछ तो जलकर राख हो गया।" ग्रामीण अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, क्योंकि उनके पास न तो सिर छुपाने की जगह बची है और न ही खाने के लिए अनाज। इस हादसे में 100 बकरियों के साथ-साथ एक दर्जन से अधिक अन्य मवेशियों के जलने से ग्रामीणों की आजीविका को भी बड़ा धक्का लगा है।

मासूम झुलसी, अस्पताल में जीवन-मौत की जंग

संपत्ति के नुकसान के साथ-साथ यह घटना मानवीय पीड़ा का भी कारण बनी है। आग की चपेट में आने से सरोज मांझी की 10 वर्षीय पुत्री शिवानी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे तत्काल इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच (GMCH) भेजा गया है, जहाँ उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। गांव के अन्य लोग भी आग बुझाने की कोशिश में मामूली रूप से चोटिल हुए हैं, लेकिन मासूम की हालत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

आपदा प्रबंधन मंत्री ने खुद संभाली कमान

हादसे की गंभीरता को देखते हुए नौतन विधानसभा के विधायक सह बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्नि पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं ताकि प्रत्येक पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता मुहैया कराई जा सके।

तत्काल राहत और जागरूकता की अपील


मंत्री नारायण प्रसाद ने मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी को आदेश दिया कि पीड़ितों के बीच तत्काल प्लास्टिक, चूड़ा-मीठा और खाने-पीने की अन्य सामग्री वितरित की जाए। रात में सुरक्षा और सुविधा के लिए लाइटिंग की व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, मंत्री ने पछुआ हवा के दौरान सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि लोग दोपहर की तेज हवा के समय खाना न बनाएं और पास में पानी की बाल्टी जरूर रखें। उन्होंने घोषणा की कि कल से पूरे विधानसभा क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

रिपोर्ट - आशीष, बेतिया