Tej Pratap Yadav:तेज प्रताप यादव पहुंचे बेउर जेल, बिहार बंद के दौरान हंगामा, दंगा फैलाने के आरोप में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सियासत गरमाई
Tej Pratap Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया है।
Tej Pratap Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को पुलिस ने दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया है। यह पहला मौका है जब तेज प्रताप यादव को बेउर जेल भेजा गया है। बिहार बंद के दौरान हुए प्रदर्शन, झड़प और पथराव के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है।जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 12:15 बजे पुलिस तेज प्रताप यादव को नौबतपुर थाने से लेकर छज्जूबाग स्थित मजिस्ट्रेट के आवास पर पहुंची, जहां उन्हें पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस उन्हें बेउर जेल लेकर गई।
पुलिस के मुताबिक, बिहार बंद के दौरान तेज प्रताप यादव गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास प्रदर्शन में शामिल हुए थे। वह हाथ में तिरंगा लेकर छात्र संगठनों और युवाओं के प्रदर्शन का नेतृत्व करते नजर आए। इसके बाद दिनभर कोतवाली और गांधी मैदान थाना क्षेत्र में चल रहे आंदोलन में उनकी मौजूदगी रही।प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच हुई झड़प ने हालात को तनावपूर्ण बना दिया। पथराव में गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, टीओपी प्रभारी प्रमोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी मामले को आधार बनाकर पुलिस ने तेज प्रताप यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि तेज प्रताप यादव को दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पहले तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया था, लेकिन कुछ समय बाद वह थाने से बाहर आ गए। इसके बाद पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और लोकेशन ट्रेस की। जानकारी मिलने पर पुलिस पटना के सिटी सेंटर मॉल पहुंची, जहां से उन्हें दोबारा पकड़कर नौबतपुर थाना लाया गया।नौबतपुर थाने में तेज प्रताप यादव से पूछताछ की गई और उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान पटना पश्चिमी एसपी और लॉ एंड ऑर्डर-2 की एसडीपीओ कोमल मीणा भी मौके पर मौजूद थीं। उस वक्त तेज प्रताप यादव के निजी सहायक और कुछ समर्थक भी साथ थे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जहां पुलिस इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई कार्रवाई बता रही है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।