Bihar Sarkari Naukri: बिहार में होमगार्ड की बंपर बहाली, इतने पदों पर होगी नियुक्ति, जानिए कैसे करें आवेदन

Bihar Sarkari Naukri: बिहार में होमगार्ड की बंपर बहाली होनी है। करीब 13,500 होमगार्ड की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। इसको लेकर सरकार की तैयारी जारी है। युवाओं के लिए यह नौकरी पाने का सुनहरा मौका होगा।

होमगार्ड
होमगार्ड की बंपर बहाली- फोटो : social media

Bihar Sarkari Naukri:  बिहार पुलिस में बंपर बहाली के साथ-साथ बिहार गृह रक्षा वाहिनी में भी बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। गृह विभाग ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में 13,500 होमगार्ड (गृहरक्षक) की नई भर्ती का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।

2025 की भर्ती प्रक्रिया तेज

वर्ष 2025 में 15 हजार गृहरक्षकों के नामांकन के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। अब तक 11,438 अभ्यर्थियों का चयन और नामांकन पूरा हो चुका है। यह प्रक्रिया राज्य के 34 जिलों में संचालित हो रही है। चयनित उम्मीदवारों को बुनियादी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

लिपिक और अनुदेशक पदों पर भी नियुक्ति

गृह रक्षा वाहिनी में अधिनायक लिपिक के 128 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया है। वहीं अधिनायक अनुदेशक के 244 पदों के लिए अधियाचना बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग को भेजी जा चुकी है। इन पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने की संभावना है।

33 जिलों में भवन और प्रशिक्षण केंद्र

विभागीय जानकारी के अनुसार, गृह रक्षा वाहिनी के भवन और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण के लिए 33 जिलों में जमीन उपलब्ध करा दी गई है। शेष जिलों में भी जल्द भूमि हस्तांतरण का लक्ष्य तय किया गया है। इससे प्रशिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

सेना के रिटायर्ड ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण

प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए सेना के सेवानिवृत्त अनुदेशकों की सेवाएं ली जाएंगी। 50 रिटायर्ड ट्रेनरों को मानदेय पर प्रतिनियुक्ति की स्वीकृति दी गई है। इससे गृहरक्षकों को अनुशासित और पेशेवर प्रशिक्षण मिलने की उम्मीद है।

कर्तव्य भत्ता में बढ़ोतरी

राज्य सरकार ने होमगार्ड का कर्तव्य भत्ता भी बढ़ा दिया है। पहले यह 774 रुपये प्रति कार्य दिवस था, जिसे अब बढ़ाकर 1121 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। इस निर्णय से गृहरक्षकों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाए गए हैं। आने वाले समय में भर्ती और प्रशिक्षण व्यवस्था में और सुधार की योजना है।