बिहार पुलिस की त्वरित कार्रवाई : जुलाई 2026 में 3 अपराधियों को फांसी और 124 को मिली आजीवन कारावास की सजा
Patna : राज्य में कानून का राज स्थापित करने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्पीडी ट्रायल अभियान के तहत जुलाई 2026 में 03 अपराधियों को फांसी और 124 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई है। यह जानकारी बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई है। मुख्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार रोहतक और मधुबनी के दो अलग-अलग मामलों में अदालतों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को मृत्युदंड सुनाया।
रोहतास में नाबालिग से दुष्कर्म-हत्या मामले में 15 दिनों में पेश हुआ था आरोप पत्र
पहला मामला रोहतास जिले के डिहरी नगर (डालमियानगर) थाना क्षेत्र का है, जहां 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बलराम सिंह उर्फ बलिराम सिंह को एडीजे-07 सासाराम द्वारा 10 जुलाई 2026 को फांसी की सजा दी गई। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज 15 दिनों के भीतर आरोप पत्र दाखिल किया था।
मधुबनी में दो बच्चों की हत्या मामले में महिला और सह-अभियुक्त को फांसी
दूसरा मामला मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र का है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या कर शव नदी में फेंकने के आरोप में एक महिला तथा सह-अभियुक्त जय प्रकाश मंडल को जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (प्रथम) झंझारपुर द्वारा 2 जुलाई 2026 को फांसी की सजा सुनाई गई।
जुलाई माह में 21 हजार से अधिक मामलों में हुई दोषसिद्धि
जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में कुल 21,294 मामलों में अपराध शीर्षवार दोषसिद्धि दर्ज की गई। इनमें आर्म्स एक्ट के 98, हत्या के 65, डकैती/लूट के 29, अपहरण के 22, दुष्कर्म/पॉक्सो के 71 और एनडीपीएस एक्ट के 42 मामले शामिल हैं। जनवरी से जुलाई 2026 के बीच कुल 86,027 मामलों में सजा दिलाई जा चुकी है।
सजा के प्रकार और जून माह की तुलना में स्पीडी ट्रायल में तेजी
सजा के प्रकारों में जुलाई माह के दौरान 3 को फांसी, 124 को आजीवन कारावास, 35 को 10 वर्ष या उससे अधिक की सजा और 204 को 10 वर्ष से कम की सजा मिली। जून माह की तुलना में जुलाई में स्पीडी ट्रायल में उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई—जहां जून में आर्म्स एक्ट के 49 मामलों में सजा हुई थी, वहीं जुलाई में यह आंकड़ा बढ़कर 98 हो गया। इसी तरह आजीवन कारावास की सजा भी जून के 108 मामलों से बढ़कर जुलाई में 124 हो गई।
रंजीत की रिपोर्ट