बिहार से इन महानगरों के लिए चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा डिटेल

Desk : गर्मी की छुट्टी में दिल्ली और दक्षिण भारत का सफर करने वाले बिहार के यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है. उन्हें ट्रेन जगह नही मिलने की परेशानी निजात मिलने वाली है. रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है...

बिहार से इन महानगरों के लिए चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, जानिए पू

Desk : गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही बिहार से चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है. हर साल गर्मी के मौसम में ट्रेनों में हालात इस कदर होते हैं कि पैर रखने तक की जगह नहीं होती. लंबी वेटिंग की वजह से यहां आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. यात्रियों की इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है.


रेलवे ने बिहार के अलग-अलग शहरों से दिल्ली और बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों के लिए तीन जोड़ी नई समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का एलान किया है. ये ट्रेनें मुख्य रूप से बरौनी के रास्ते चलेंगी, जिससे उत्तर और पूर्व बिहार के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.


नई दिल्ली से सुपौल के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

पहली स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली और सुपौल के बीच शुरू की जा रही है. ट्रेन नंबर 04072 और 04071 का परिचालन 15 जुलाई तक किया जाएगा. यह ट्रेन उन लोगों के लिए बहुत मददगार साबित होगी जो कोसी क्षेत्र से दिल्ली आते जाते हैं. नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल ट्रेन 21.35 बजे नई दिल्ली से खुलेगी और तीसरे दिन सुपौल पहुंचेगी. इस दौरान यह ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा होते हुए सुपौल पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन इन्हीं सभी स्टॉपेज से गुजरते हुए दिल्ली पहुंचेगी. सुपौल से यह ट्रेन 7.45 बजे खुलेगी और अगले दिन 3 बजे दिल्ली पहुंचेगी.


आनंद विहार और जोगबनी के बीच रेल सेवा

सीमांचल के यात्रियों के लिए आनंद विहार से जोगबनी के बीच भी एक स्पेशल ट्रेन (नंबर 04008/04007) चलाने का फैसला लिया गया है. इस ट्रेन का परिचालन 18 अप्रैल से शुरू होकर 11 जुलाई तक चलेगा. यह ट्रेन हर शनिवार को आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 8.30 बजे प्रस्थान करेगी और यात्रा के तीसरे दिन जोगबनी पहुंचेगी. वापसी की दिशा में, जोगबनी से यह ट्रेन शाम 18.30 बजे खुलेगी और तीसरे दिन तड़के 3 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. इस ट्रेन के रूट में अररिया कोर्ट, पूर्णिया, कटिहार, मानसी, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, छपरा, गोरखपुर और मुरादाबाद जैसे बड़े शहर शामिल हैं, जिससे एक बड़ी आबादी को फायदा होगा.


सहरसा से बेंगलुरु के लिए स्पेशल कनेक्टिविटी

दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए सहरसा-यशवंतपुर स्पेशल ट्रेन (नंबर 05551/05552) चलाई जा रही है. यह ट्रेन हर गुरुवार को सहरसा से चलाई जा रही है. अप्रैल के महीने में इस ट्रेन का 23 और 30 तारीख को परिचालन होगा. वहीं यशवंतपुर से सहरसा के लिए यह ट्रेन 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 3 मई को संचालित की जाएगी. यह ट्रेन उन कामगारों और छात्रों के लिए बड़ी राहत देगी जो बेंगलुरु में रहते हैं. इस ट्रेन का ठहराव मानसी, खगड़िया, न्यू बरौनी जंक्शन, किउल, झाझा, आसनसोल, खड़गपुर, भुवनेश्वर और विशाखपत्तनम जैसे प्रमुख जंक्शनों पर दिया गया है.


गौरतलब है कि गर्मी के दिनों में बिहार आने वाली नियमित ट्रेनों जैसे वैशाली एक्सप्रेस, विक्रमशिला और राजधानी एक्सप्रेस में टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो जाता है. ऐसे में इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से यात्रियों के पास अब ज्यादा विकल्प मौजूद होंगे. रेलवे ने साफ किया है कि इन ट्रेनों में सीटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है.