'नीतीश चाचा परदेसी हो गए'! सांसद सुधाकर सिंह की केंद्र को चेतावनी: 'ट्रेड डील' से किसानों को नुकसान हुआ तो दिल्ली में होगा बड़ा आंदोलन

पटना में किसान संसद के दौरान आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली घेरने की चेतावनी दी और नीतीश कुमार के दिल्ली जाने को बिहार के लिए दुखद बताया।

'नीतीश चाचा परदेसी हो गए'! सांसद सुधाकर सिंह की केंद्र को चे

Patna -  बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 'किसान संसद' में आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील और किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों के हितों की रक्षा नहीं की, तो एक बार फिर देशव्यापी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।

भारत-अमेरिकी ट्रेड डील पर उठाए सवाल

सांसद सुधाकर सिंह ने किसान संसद के एजेंडे पर चर्चा करते हुए कहा, "भारत-अमेरिकी ट्रेड डील के जरिए अमेरिका के सब-ग्रेड फूड प्रोडक्ट्स को बिना किसी टैक्स के भारत में बेचने का समझौता मोदी सरकार ने किया है। यह भारतीय किसानों के लिए बड़ा खतरा है।" उन्होंने कहा कि जब तक इस डील से भारतीय किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, विरोध जारी रहेगा।

"फिर घेरेंगे दिल्ली" की दी चेतावनी

सांसद ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी तो समझौते का ड्राफ्ट तैयार हो रहा है, लेकिन अगर फाइनल ड्राफ्ट में किसानों की आजादी और सुरक्षा के साथ समझौता हुआ, तो किसान चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा, "हम फिर से दिल्ली को घेरने का काम करेंगे, जैसे तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन हुआ था। ठीक उसी तरह का देशव्यापी आंदोलन खड़ा होगा।"

बेमौसम बारिश और मुआवजे की मांग

किसानों द्वारा संसद में उठाए गए मुद्दों का जिक्र करते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि बेमौसम बारिश से गेहूं और अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, "पिछले सत्र में भी मैंने चक्रवात से हुए नुकसान की भरपाई की मांग की थी, जो अभी तक पूरी नहीं हुई है। अब गेहूं की फसल बर्बाद हुई है, इसके लिए मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है और संसद के आगामी सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाऊंगा।"

नीतीश कुमार पर तंज: "चाचा अब परदेसी हो गए"

नीतीश कुमार के दिल्ली जाकर राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर सुधाकर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "यह बिहार के लिए बहुत दुखद है। पटना से बिहार के भाग्य का फैसला होता था, लेकिन नीतीश जी के 'रिटायरमेंट' के बाद अब बिहार का फैसला दिल्ली में होगा।" रोहिणी आचार्य के 'चाचा परदेसी हो गए' वाले बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि वे अब सच में बिहारियों के लिए परदेसी हो गए हैं।

पटना में किसान आंदोलन की शुरुआत

सांसद ने कहा कि पटना में हजारों किसानों का जुटना इस बात का प्रमाण है कि आंदोलन की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव से पहले भी उन्होंने डाकबंगला चौराहे को घेरा था और जरूरत पड़ने पर किसानों के हक के लिए दोबारा सड़क पर उतरेंगे। किसान संसद के माध्यम से उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार को किसानों की अनदेखी न करने का कड़ा संदेश दिया है।

Report - Narrottam kumar