Bihar News: सोनपुर विधायक विनय सिंह को ब्रेन हैमरेज, हालत गंभीर, बेटे ने बताया- बढ़ रहा है ब्रेन में क्लॉट, 3-4 दिन अहम

Bihar News: सोनपुर से भाजपा विधायक विनय सिंह की तबीयत बिगड़ने से राजनीतिक गलियारे में चिंता बढ़ गई है।...

Sonepur MLA Vinay Singh
सोनपुर विधायक विनय सिंह को ब्रेन हैमरेज- फोटो : social Media

Bihar News:  सोनपुर से भाजपा विधायक विनय सिंह की तबीयत बिगड़ने से राजनीतिक गलियारे में चिंता बढ़ गई है। उन्हें ब्रेन हैमरेज होने के बाद रविवार को पटना के सीएनएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को लेकर परिवार के साथ-साथ पार्टी के नेताओं की भी बेचैनी बढ़ी हुई है। विधायक को देखने के लिए भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं। पूर्व मंत्री मंगल पांडेय और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी अस्पताल पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने विधायक के बेटे चंदन सिंह से मुलाकात कर पिता की तबीयत का हाल जाना।

विधायक के बेटे चंदन सिंह ने पिता की बीमारी और इलाज को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पापा को ब्रेन हैमरेज हुआ है। डॉक्टरों ने फिलहाल तीन से चार दिन इंतजार करने की बात कही है। अब तक दो बार सीटी स्कैन कराया जा चुका है। चंदन सिंह के मुताबिक, दोबारा हुई जांच में स्थिति और गंभीर दिखाई दी है। दिमाग में खून का थक्का यानी क्लॉटिंग बढ़ रही है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं और अपनी देखरेख में इलाज कर रहे हैं।

चंदन सिंह ने बताया कि शादी-विवाह का मौसम चल रहा है। इसी वजह से उनके पिता लगातार इधर-उधर जा रहे थे। कामकाज के सिलसिले में भी वह काफी व्यस्त रहते थे। इसी दौरान अचानक उन्हें महसूस हुआ कि उनका एक हाथ काम नहीं कर रहा है। उन्होंने खुद परिवार के लोगों को बताया कि हाथ काम नहीं कर रहा। शुरुआत में घरवालों को लगा कि शायद ज्यादा थकान और काम के दबाव की वजह से ऐसा हो रहा है, लेकिन विधायक ने खुद डॉक्टर के पास ले चलने को कहा।

इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में ब्रेन हैमरेज की पुष्टि हुई। बेटे का कहना है कि उनके पिता काम का काफी ज्यादा बोझ लेते हैं और लगातार व्यस्त रहते हैं। फिलहाल परिवार की निगाहें डॉक्टरों पर टिकी हैं। अगले तीन-चार दिन इलाज के लिहाज से अहम बताए जा रहे हैं। अस्पताल में भाजपा नेताओं और परिजनों का आना-जाना जारी है। हालांकि, विधायक की सेहत को लेकर अंतिम चिकित्सकीय स्थिति और आगे के इलाज की जानकारी डॉक्टरों की निगरानी के बाद ही स्पष्ट होगी।