भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर में शामिल एसडीपीओ राजेश वर्मा पर गिरी गाज ! पंकज कुमार मिश्रा को बनाया गया नया SDPO

एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार तथा एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है। वहीं अब जगदीशपुर के नए एसडीपीओ के रूप में पंकज कुमार मिश्रा की नियुक्ति हुई है

Bharat Bhushan Tiwari encounter
Bharat Bhushan Tiwari encounter- फोटो : news4nation

Bharat Bhushan Tiwari encounter : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर में हुए कथित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस घटना में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, प्रशासनिक कार्रवाई के तहत जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश वर्मा को पद से हटाकर अगले आदेश तक पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को बिहार पुलिस ने जगदीशपुर के नए एसडीपीओ के रूप में पंकज कुमार मिश्रा की नियुक्ति की है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।



जानकारी के अनुसार, भरत तिवारी की मां द्वारा मंगलवार को पुलिसकर्मियों के खिलाफ शाहपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। दर्ज मामले में तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार तथा एनकाउंटर में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है। परिजनों का आरोप है कि भरत तिवारी की मौत पुलिस मुठभेड़ नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। इसी आधार पर हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।



उधर, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। भरत तिवारी के पैतृक गांव बिलौती में आज बड़ी महापंचायत बुलाई गई है, जो कुंडेश्वर महादेव मंदिर के पास आयोजित होगी। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक संगठन और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। गांव में पिछले कई दिनों से माहौल गर्म है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने महापंचायत को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर पर न सिर्फ विपक्षी दल और उनके गाँव के लोग बल्कि सरकार में शामिल मंत्रियों और विधायकों द्वारा भी सवाल उठाया जा रहा है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा एमएलसी पवन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सहित दर्जनों भाजपा नेताओं ने इस तिवारी एनकाउंटर पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाया है। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी मामले की जाँच के लिए हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक जाँच समिति गठित करने की घोषणा की है।