Bihar News:खरीफ प्रशिक्षण बना अखाड़ा, मंच पर जनप्रतिनिधियों की तू-तू मैं-मैं से लेकर हाथापाई तक, मोतिहारी में मचा हड़कंप
Bihar News:किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम उस वक्त अफरातफरी और बदइंतजामी का केंद्र बन गया, जब मंच पर ही दो जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया.... पढ़िए आगे
Motihari: विकास और कृषि सुधार के उद्देश्य से आयोजित खरीफ महाअभियान सह किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम उस वक्त अफरातफरी और बदइंतजामी का केंद्र बन गया, जब मंच पर ही दो जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। कुछ ही पलों में सरकारी कार्यक्रम का पूरा माहौल गरमा गया और सभागार प्रशासनिक मंच से अधिक एक राजनीतिक अखाड़ा बनकर रह गया।
जानकारी के मुताबिक, बंजरिया प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्थानीय प्रखंड प्रमुख और पंचायत समिति सदस्य के बीच पहले हल्की कहासुनी शुरू हुई। मामला धीरे-धीरे तीखा होता गया और फिर मंच पर ही दोनों पक्षों के बीच शब्दों की मर्यादा टूट गई। देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे वहां मौजूद अधिकारी, किसान और आम लोग हतप्रभ रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान कुछ देर पहले तक सब सामान्य चल रहा था, लेकिन जैसे ही मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों के बीच पुराने राजनीतिक और चुनावी खर्च को लेकर चर्चा छिड़ी, विवाद भड़क गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल इतना बिगड़ा कि स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी। घटना के बाद सभागार में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे और कार्यक्रम की गरिमा पूरी तरह तार-तार हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में मंच पर हंगामा और धक्का-मुक्की की स्थिति साफ देखी जा रही है।
सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की गई। बाद में सीओ रोहन रंजन सिंह और थानाध्यक्ष अमित कुमार की मौजूदगी में पंचायत स्तर पर समझौता वार्ता भी कराई गई। हालांकि प्रशासन ने मामले को शांत करा दिया है, लेकिन इस घटना ने सरकारी कार्यक्रमों की सुरक्षा और जनप्रतिनिधियों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खरीफ प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण मंच पर हुई यह घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां विकास की बात से ज्यादा विवाद का तमाशा हावी नजर आया।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार