Bihar political Holi 2026: फागुन के रंग में रंगी सियासत, संजय चौरसिया की ढोल-नगाड़ों संग होली झांकी, होली है के नारों के बीच पूरा इलाका हुआ रंगीन

Bihar political Holi 2026: दीघा विधानसभा से विधायक संजय चौरसिया ढोल-नगाड़े, मंजीरा और सजी-धजी बग्गी के साथ होली की भव्य झांकी लेकर सड़क पर उतरे। ...

Sanjay Chaurasia Holi tableau with drums and cymbals
फागुन के रंग में रंगी सियासत- फोटो : reporter

Bihar political Holi 2026: बिहार में फागुन की फुहार के साथ होली का जश्न पूरे शबाब पर है। रंग, अबीर और गुलाल की बौछार के बीच सियासी गलियारे भी इस बार कुछ ज्यादा ही सराबोर नजर आ रहे हैं। राजधानी पटना की सड़कों पर उत्सव का ऐसा समां बंधा कि राहगीर भी ठिठक कर देखने लगे।

दीघा विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ विधायक संजय चौरसिया ढोल-नगाड़े, मंजीरा और सजी-धजी बग्गी के साथ होली की भव्य झांकी लेकर सड़क पर उतरे। समर्थकों का काफिला, गूंजते गीत और “होली है!” के नारों के बीच पूरा इलाका रंगीन नजर आया। विधायक ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ अबीर-गुलाल लगाया, गले मिले और फूलों की बरसात के बीच होली की मुबारकबाद दी।

सड़कों पर बजते ढोल की थाप पर लोग झूमते-थिरकते दिखे। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी इस रंगीन कारवां में शामिल हो गए। माहौल में भाईचारे और अपनत्व की मिठास घुली हुई थी। ऐसा लग रहा था मानो सियासत की सख्ती भी फागुन की मस्ती में पिघल गई हो।

उधर सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को होली की दिली शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने संदेश में उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता, सद्भाव और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से प्रेम, भाईचारे और अमन-चैन के साथ पर्व मनाने की अपील की।

राजधानी की फिजा में इस बार सियासत और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला। जहां एक ओर नेता सड़क पर उतरकर जनता संग रंग खेलते नजर आए, वहीं दूसरी ओर संदेशों के जरिए सामाजिक एकता की बात कही गई।

फागुन का यह मस्ताना मौसम एक बार फिर यह एहसास दिला गया कि त्योहार केवल रंगों का नहीं, दिलों को जोड़ने का भी नाम है। जब ढोल बजे, गुलाल उड़े और मुस्कान खिले तब सियासत भी इंसानियत के रंग में रंगी हुई नजर आती है। 

रिपोर्ट- रंजीत कुमार