जमुई की पीड़ित बच्ची से मिले सीएम सम्राट चौधरी, परिजनों को दिया स्पीडी ट्रायल से न्याय का भरोसा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई की पीड़ित बच्ची और उनके परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि एक महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल के जरिए सभी दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी।

Samrat Choudhary meets Jamui Victim
जमुई की पीड़ित बच्ची से मिले सीएम सम्राट चौधरी- फोटो : Reporter

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई की पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों से अपने लोकसेवक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित बच्ची का ढांढस बंधाते हुए उसे निर्भय होकर जीवन में आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाएगा। 


पुलिस कार्रवाई पर परिवार ने जताया संतोष 

मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार ने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने प्रशासन की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए न्याय मिलने की उम्मीद जताई है।  


एक माह के भीतर स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने का दावा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत में 'स्पीडी ट्रायल' (Speedy Trial) चलाया जाएगा, ताकि केवल एक महीने के भीतर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोषियों को कठोरतम सजा सुनिश्चित की जा सके। 


घटना को लेकर सरकार और प्रशासन मुस्तैद

जमुई में हुई छेड़खानी की इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस और राज्य सरकार सख्त रुख अपना रही है। पीड़िता के साथ एकजुटता दिखाते हुए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट