मुख्यमंत्री बनने के बाद गुरु दरबार पहुँचे सम्राट चौधरी, पटना साहिब गुरुद्वार में टेका मत्था

Samrat Chaudhary Chief Minister of Bihar
Samrat Chaudhary Chief Minister of Bihar- फोटो : news4nation

Samrat Chaudhary : बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी गुरुवार को पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पटना साहिब गुरुद्वारा पहुँचे। दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री गुरुद्वारा साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने दरबार साहिब में जाकर गुरु महाराज के चरणों में मत्था टेका। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला मौका था जब वह पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे।


उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी की प्रेरणा से पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। नीतीश कुमार के 20 साल के शासनकाल में बिहार में काफी काम हुआ। यहां तक कि जब गुरु गोविंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व मनाया गया था तब नगर विकास विभाग का मंत्री रहते हुए यहां काफी करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी से बिहार की समृद्धि और विकसित बिहार के लिए कामना की। 


गुरु दरबार में मत्था टेकने के बाद मुख्यमंत्री को गुरु महाराज से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियां दी गईं। उन्होंने कुछ देर तक शबद कीर्तन भी सुना और गुरुद्वारे के धार्मिक माहौल में समय बिताया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी की ओर से उन्हें सम्मान स्वरूप तलवार भी भेंट की गई।



गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह के लिए लोक भवन जाते समय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजवंशी नगर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।

पटना साहिब से रजनीश की रिपोर्ट