बिहार के किसानों के लिए राजद सांसद सुधाकर सिंह की सीएम नीतीश से बड़ी मांग, लिखा पत्र
Bihar News : बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर बिहार में हुई बेमौसम की बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने किसानों के लिए मुआवजा जारी करने की मांग की है। सीएम नीतीश को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है, बिहार में दिनांक 19 मार्च 2026 से 21 मार्च 2026 के बीच अचानक हुए मौसम परिवर्तन के कारण तेज आंधी, तूफान एवं लगातार बारिश ने राज्य के किसानों को भारी क्षति पहुँचाई है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते विशेष रूप से रबी फसलें जैसे गेहूं, मक्का, सरसों तथा दलहनी फसलें जैसे अरहर और मसूर व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने किसानों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बिहार के हजारों किसान भाई-बहन, जिन्होंने महीनों की कड़ी मेहनत से अपनी फसल तैयार की थी, आज इस आपदा के कारण गहरे आर्थिक संकट और मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं। खेतों में खड़ी तैयार रबी फसलों का इस प्रकार बर्बाद हो जाना न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि किसानों के जीवनयापन और भविष्य की आजीविका पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
सुधाकर ने अपने पत्र में सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वेक्षण कराने हेतु एक उच्चस्तरीय टीम गठित की जाए, फसलों के नुकसान का पारदर्शी एवं त्वरित आकलन सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों को उनकी क्षति के अनुरूप उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा शीघ्र प्रदान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन समय में यदि सरकार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किसानों की सहायता करती है, तो इससे किसानों के जीवन में पुनः आशा और विश्वास का संचार होगा। सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार से इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा की है।
गौरतलब है कि बिहार में इस सप्ताह बेमौसम की बारिश से रबी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर किसानों की खड़ी फसल चौपट हो गई है। यहां तक कि खलिहान में रखी फसलों के भी सड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
रंजन की रिपोर्ट