RJD सांसद अभय कुशवाहा अस्पताल में भर्ती, पेट में गंभीर अल्सर, तमिलनाडु में चल रहा उपचार
RJD सांसद अभय कुशवाहा ने बताया कि जांच के दौरान पेट में गंभीर अल्सर के कारण आंतरिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से RJD सांसद अभय कुशवाहा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें तमिलनाडु के मदुरै स्थित Velammal Hospital में भर्ती कराया गया है। सांसद ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पेट में गंभीर अल्सर के कारण आंतरिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
अभय कुशवाहा ने बताया कि 19 अगस्त को पटना में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद वह संसद की ऊर्जा संबंधी स्थायी समिति की बैठक के लिए हैदराबाद गए थे। इसके बाद समिति के कार्यक्रम के सिलसिले में वह मदुरै पहुंचे। लगातार अस्वस्थ महसूस करने के बावजूद व्यस्त कार्यक्रम के कारण वह अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाए।
सांसद के मुताबिक, 21 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे अचानक उनकी तबीयत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें आपात स्थिति में मदुरै के Velammal Hospital में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय जांच में पेट में गंभीर अल्सर के चलते आंतरिक रक्तस्राव की बात सामने आई। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
उपेंद्र कुशवाहा ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
अभय कुमार सिन्हा के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी सोशल मीडिया के जरिए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद सांसद के अस्वस्थ होने और मदुरै के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली है। उन्होंने ईश्वर से कुशवाहा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी मिलने की प्रार्थना की।
अभय कुशवाहा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद हैं और औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और राजनीतिक नेताओं की ओर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।