'हम बिकाऊ माल नहीं हैं'... लालू -तेजस्वी को इन्होंने दिया धोखा, राजद MLA भाई वीरेंद्र का शिवानंद और फैजल पर बड़ा हमला
भाई वीरेंद्र ने कहा कि आज खुलकर कहना चाहता हूँ जिन-जिन लोगों को लालू यादव ने आगे बढ़ाया, माफ किया, उन्हीं लोगों ने लालू यादव को सबसे ज्यादा धोखा दिया.
Bhai Virendra : मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बुधवार को पार्टी के उन नेताओं को जमकर सुनाया जो लालू यादव के नाम पर सियासत में आगे बढ़े और अब उनके फैसलों पर आपत्ति जताते हैं. हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार एडी सिंह की हुई हार के बाद कई नेताओं ने लालू-तेजस्वी के निर्णय पर सवाल उठाया था. यहां तक कि राजद विधायक फैजल रहमान के वोटिंग से गायब रहने और एडी सिंह की हार के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी की एक पोस्ट में तेजस्वी यादव पर तंज कसा गया था.
अब भाई वीरेंद्र ने कहा कि आज खुलकर कहना चाहता हूँ जिन-जिन लोगों को लालू यादव ने आगे बढ़ाया, माफ किया, उन्हीं लोगों ने लालू यादव को सबसे ज्यादा धोखा दिया. लालू के नाम पर धन कमाया, ताकत पाई और समय आने पर लालू यादव और तेजस्वी यादव का साथ छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि इसलिए मैं साफ कह रहा हूँ लालू जी और तेजस्वी जी को आत्ममंथन करने की जरूरत है. माना जा रहा है कि भाई वीरेंद्र का इशारा शिवानंद तिवारी की ओर था जो पिछले कुछ समय में कई बार लालू-तेजस्वी को निशाने पर ले चुके हैं.
उन्होंने कहा कि हमारे नेता लालू यादव पर हमेशा परिवारवाद का आरोप लगाया गया. लेकिन आज हर पार्टी के प्रमुख नेता अपने बेटे को राजनीति में ला रही है. उपेंद्र कुशवाहा परिवारवाद पर सवाल उठाते थे, लेकिन मौका मिला तो खुद सांसद, पत्नी को MLA बना दिया, बेटा मंत्री बन गया, खुद राज्यसभा चले गए, तो फिर परिवारवाद सिर्फ लालू यादव पर ही क्यों.
उन्होंने कहा कि हम सिद्धांत की राजनीति करते हैं. हमारा टिकट काटा गया, दबाव बनाया गया, परेशान किया गया लेकिन हमने कभी अपने उसूल नहीं छोड़े. हम मानते हैं हमारे सिर्फ एक नेता हैं लालू यादव और उनके बाद तेजस्वी यादव. भाई वीरेंद्र ने कहा कि हम जीते-जी उनके साथ हैं, मरते दम तक साथ रहेंगे. फैजल रहमान पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हमारे बीच से बिक गए, कुछ लोग सत्ता के लिए झुक गए लेकिन हम नहीं झुकेंगे. हम लड़ेंगे, सच के लिए, सिद्धांत के लिए आने वाला समय हमारा है.
वंदना की रिपोर्ट