Tejashwi Yadav On NEET Exam: 23 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़’, NEET विवाद पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला
Tejashwi Yadav On NEET Exam: RJD नेता तेजस्वी यादव ने नीट पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द होने पर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने छात्रों के भविष्य और सरकार की नीयत पर सवाल उठाए हैं।
Tejashwi Yadav On NEET Exam: पेपर लीक मामले में परीक्षा रद्द होने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। विपक्ष का कहना है कि एक बार फिर लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार से लेकर देश के कई राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार के पास इतनी प्रशासनिक क्षमता और इच्छाशक्ति भी नहीं है कि एक सामान्य परीक्षा बिना पेपर लीक के कराई जा सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं यह “संयोग और प्रयोग” की राजनीति का हिस्सा तो नहीं है, जिसमें जनता परेशान होती रहे और सत्ता को फायदा मिलता रहे।
विपक्ष ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से सरकार की नीति और नीयत दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सिर्फ जांच के आदेश देना काफी नहीं है। सरकार को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और यह सोचना चाहिए कि क्या वह देश और युवाओं के साथ सही कर रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि अब परीक्षा दोबारा होने से करीब 23 लाख छात्रों को फिर से अलग-अलग शहरों में परीक्षा केंद्रों तक जाना पड़ेगा। इससे छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। साथ ही उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी का भी सामना करना पड़ेगा।
पेपर लीक के कारण 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गई है। 23 लाख छात्रों के भविष्य से एक बार फिर खिलवाड़ किया गया। बिहार और देश में पेपर लीक का अंतहीन सिलसिला खत्म ही नहीं हो रहा है। क्या भाजपा की सरकारों में इतनी भी प्रशासनिक क्षमता, योग्यता, इच्छाशक्ति व कौशल नहीं है कि एक सामान्य…
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) May 12, 2026
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा
तेजस्वी यादव ने कहा कि देशभर के 552 शहरों में परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने में लाखों लीटर पेट्रोल और डीजल खर्च होगा। सरकार को बताना चाहिए कि इस अतिरिक्त खर्च और संसाधनों की बर्बादी का जिम्मेदार कौन होगा। तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं को दूर करने के बजाय संस्थानों का राजनीतिक इस्तेमाल करने में ज्यादा व्यस्त है। विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि पेपर लीक रोकने के लिए सरकार सख्त कदम उठाए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।