निशांत लगाएंगे जनता दरबार, पापा नीतीश की तरह सुनेंगे बिहार के लोगों की फरियाद, हर सप्ताह यहां होगी मुलाकात
नता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने प्रदेश कार्यालय में जनता दरबार की शुरुआत कर दी है, जहां सोमवार से शुक्रवार तक जेडीयू कोटे के मंत्री लोगों की समस्याएँ सुनेंगे.
Nishant : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत अब जनता की समस्याएं जदयू कार्यालय में सुनते नजर आएंगे। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने प्रदेश कार्यालय में जनता दरबार की शुरुआत कर दी है, जहां सोमवार से शुक्रवार तक जेडीयू कोटे के मंत्री आम लोगों की फरियाद सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देंगे।
पार्टी की इस नई पहल का मकसद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करना बताया जा रहा है। हर दिन तीन मंत्री जेडीयू प्रदेश कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। खास बात यह है कि बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी जनता दरबार में मौजूद रहेंगे। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जेडीयू की ओर से जारी साप्ताहिक कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को श्रवण कुमार, लेशी सिंह और सुनील कुमार जनता की समस्याएं सुनेंगे। मंगलवार को विजय कुमार चौधरी, शीला कुमारी मंडल और बुलो मंडल की ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं बुधवार को निशांत कुमार, दामोदर रावत और रत्नेश सदा जनता दरबार में मौजूद रहेंगे। गुरुवार को अशोक चौधरी, मदन सहनी और श्वेता गुप्ता लोगों से संवाद करेंगे। शुक्रवार को बिजेंद्र यादव, भगवान सिंह कुशवाहा और जमा खान आम जनता की शिकायतें सुनेंगे।
जेडीयू नेताओं का कहना है कि इस पहल से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और पार्टी संगठन के जरिए सरकार तक लोगों की आवाज सीधे पहुंचेगी।