Bihar News: बिहार पुलिस का हाई अलर्ट, नेपाल के रास्ते घुसे 11 संदिग्ध, चप्पे-चप्पे पर पहरा

Bihar News: नेपाल सीमा से सटे इलाकों के रास्ते बिहार में 11 संदिग्ध घुसपैठियों के प्रवेश की खुफिया सूचना के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

भारत-नेपाल बॉर्डर
नेपाल के रास्ते घुसे 11 संदिग्ध- फोटो : social media

Bihar News: बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। जानकारी अनुसार 11 संदिग्धों का एक जत्था नेपाल के रास्ते बिहार की सीमा में दाखिल हुआ है। इस इनपुट के मिलते ही पुलिस मुख्यालय ने आनन-फानन में सीमावर्ती जिलों के DM और SP को विशेष SOP जारी कर दी है। खुफिया एजेंसियों को अंदेशा है कि ये संदिग्ध किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में हैं। फिलहाल, भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।

11 संदिग्ध बिहार में घुसे 

दरअसल, जानकारी अनुसार नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाकों के रास्ते 11 संदिग्ध घुसपैठियों के बिहार में प्रवेश की खुफिया सूचना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की रिपोर्ट के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों के डीएम, एसएसपी और एसपी (रेल सहित) को संदिग्धों की पहचान और निगरानी के लिए विस्तृत एसओपी जारी किया है। 

सघन जांच के दिए गए निर्देश 

इसमें सभी थानों को होटल, लॉज, छात्रावास, मुसाफिरखानों और किराए के मकानों में ठहरे लोगों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, रिटायरिंग रूम और कैंटीन में निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। रेल यात्रियों की भी सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

सीसीटीवी कैमरों की निगरानी 

पुलिस मुख्यालय ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक स्थान, बस अड्डा, टैक्सी स्टैंड, अस्पताल और पार्क में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी गहन जांच की जाएगी। इस संबंध में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पटना के आईजी नीतीश कुमार उज्जवल ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी विशेष पत्र की जानकारी नहीं है, लेकिन नेपाल सीमा पर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में खुफिया एजेंसियों द्वारा संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया था, जिसके बाद राज्य में पहले से ही सतर्कता बढ़ाई गई है।