Bihar News: किसानों को बड़ी राहत, गेहूं अधिप्राप्ति पर नीतीश सरकार ने किया बड़ा ऐलान, इस दिन तक होगी खरीदारी

Bihar News: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री लेसी सिंह ने विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में किसानों को उचित मूल्य दिलाने, खाद्यान्न वितरण को सुदृढ़ करने और गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखे।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश का ऐलान - फोटो : social media

Bihar News: पटना में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री लेसी सिंह, सचिव अभय कुमार सिंह, विशेष सचिव उपेंद्र कुमार और प्रबंध निदेशक सुनील कुमार मौजूद रहे। इस दौरान विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मंत्री ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। साथ ही राज्य की 14 करोड़ आबादी के हित में पारदर्शी तरीके से कार्य किया जा रहा है।

8.55 करोड़ लाभुकों को खाद्यान्न वितरण

विभाग ने अब तक 8 करोड़ 55 लाख लाभुकों तक खाद्यान्न पहुंचाने में सफलता हासिल की है, जिससे जन वितरण प्रणाली को मजबूती मिली है। 31 मार्च तक 5,40,474 किसानों से 8807.47 करोड़ रुपये मूल्य का 36.79 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। वहीं 25 लाख मीट्रिक टन चावल के लक्ष्य के विरुद्ध 12.06 लाख मीट्रिक टन चावल राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों में जमा कराया गया है।

गेहूं और मसूर की खरीद जारी

भारत सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 160 रुपये बढ़ाकर 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। राज्य में 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। अब तक 591 किसानों से 2617 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। मसूर की खरीद 10 अप्रैल से शुरू होगी, जिसका लक्ष्य 32 हजार मीट्रिक टन रखा गया है। इसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 7000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

गैस सप्लाई सामान्य, 3-4 दिन में डिलीवरी

विभाग ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। बुकिंग के 3 से 4 दिनों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे IndianOil One, Hello BPCL और HP Pay ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

गैस सिलेंडर की अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 25,560 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिसमें 1,662 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 114 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट