Patna News: पटना में संदिग्ध हालात में पुलिस मुख्यालय के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Patna News: पटना में पुलिस मुख्यालय के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Patna News: पटना में संदिग्ध हालात में पुलिस मुख्यालय के पास
युवक का शव मिलने से सनसनी- फोटो : news4nation

Patna News: राजधानी पटना में पुलिस मुख्यालय के सामने, सचिवालय थाना क्षेत्र के गोल्फ क्लब गेट के बाहर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना ने लोगों को चौंका दिया और मौके पर भीड़ जुट गई।मृतक की पहचान अभय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अरवल जिले के बैदरावाद बाजार में किराने की दुकान चलाता था। किसी काम से वह पटना आया हुआ था और यहां पुनाईचक में अपने बड़े भाई के घर पर ठहरा हुआ था।

परिवार की ओर से कुछ अहम बातें सामने आई हैं। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सुबह के समय दो लड़के उनके घर पर अभय कुमार को खोजने आए थे। इस बात के बाद मामले को लेकर शक और गहरा गया है। परिवार को अंदेशा है कि इस घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा।

इलाके में डर का माहौल

इस घटना के बाद इलाके में डर और चर्चा का माहौल है। लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर युवक की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह हो सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट