Bihar News : खनन राजस्व में हुई रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी, लक्ष्य के करीब पहुँचा बिहार, अवैध खनन पकड़ाने वालों को मिला 'खनन योद्धा' पुरस्कार
Bihar News : बिहार में खनन राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है. इस मामले में विभाग अपने लक्ष्य के करीब पहुँच गया है.......पढ़िए आगे
PATNA : खान एवं भूतत्व विभाग चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के निर्धारित राजस्व के लक्ष्य को हासिल कर लेगा। अब तक विभाग को 3252 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा 400 करोड़ रुपये कार्य विभागों और 150 करोड़ रुपये घाटों से प्राप्त होंगे। इस तरह विभाग को लक्ष्य के अनुरूप लक्ष्य की प्राप्ति हो जाएगी। यह जानकारी उप-मुख्यमंत्री सह खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कही। वे बुधवार को विकास भवन सचिवालय स्थित अपने विभागीय कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 10 से अधिक जिलों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रह किया है।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 78 बालू घाटों ने बिना राजस्व लक्ष्य हासिल किए इन्हें सरेंडर कर दिया है। ऐसी सभी कंपनियों को दोबारा होने वाले बालू घाटों के टेंडर में शामिल होने का मौका नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन विभाग ने 2021-22 में 1600 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह किया था। 2024-25 में राजस्व संग्रह में दोगुना की बढ़ोतरी हुई है और यह 3536 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
इस मौके पर विजय कुमार सिन्हा ने 24 लोगों को 5 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से बिहारी खनन योद्धा का पुरस्कार प्रदान किया। यह राशि इन सभी प्रतिभागियों के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। बिहारी खनन योद्धा पुरस्कार योजना के अंतर्गत विभाग की तरफ से अवैध खनन या ढुलाई में शामिल ट्रैक्टर को पकड़वाने पर 5 हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर औऱ ट्रक को पकड़वाने पर 10 हजार रुपये प्रति वाहन की दर से ईनाम देने का प्रावधान है। गौरतलब है कि 12 मार्च बिहारी खनन योद्धा पुरस्कार के अंतर्गत 72 लोगों को पुरस्कृत किया गया था।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने चार वृह्द खनन ब्लॉक का टेंडर किया है। इसमें तीन खनिज ब्लॉक रोहतास और एक गया में मौजूद हैं। रोहतास में ग्लूकोनाइट तथा गया में निकेल, क्रोमियम और प्लेटिनियम के खनिज पदार्थ हैं।