पटना जंक्शन पर रेल पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: यात्रियों को 'ज़हर' खिलाने वाला गिरोह का सरगना गिरफ्तार

पटना जंक्शन पर रेल पुलिस की सक्रियता से नशा खुरानी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।नशा खुरानी गिरोह के सरगना मोहम्मद दिलदार अंसारी को धर दबोचा है जो बांका जिले के बौंसी का रहने वाला है जो पंचायत चुनाव में वार्ड पार्षद का चुनाव भी लड़ चुका है।

gang leader who poisoned passengers arrested
यात्रियों को 'ज़हर' खिलाने वाला गिरोह का सरगना गिरफ्तार - फोटो : news 4 nation

पटना जंक्शन पर रेल पुलिस की सक्रियता से नशा खुरानी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।दरअसल त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पटना रेल पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। वरीय रेल अधीक्षक के निर्देश पर पटना जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रेल पुलिस ने खदेड़ कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल यात्रियों को बेहोश करने के लिए किया जाना था।

वार्ड पार्षद प्रत्याशी निकला गिरोह का सरगना

पकड़ा गया आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि नशा खुरानी गिरोह का सरगना मोहम्मद दिलदार अंसारी है। पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वह बांका जिले के बौंसी का रहने वाला है और वहां पंचायत चुनाव में वार्ड पार्षद का चुनाव भी लड़ चुका है। बताया जा रहा है कि वह चुनाव में महज 17 वोटों से हार गया था, जिसके बाद वह अपराध की दुनिया में कदम रखते हुए नशा खुरानी गिरोह के संपर्क में आ गया और वारदातों को अंजाम देने लगा।

अपराधिक इतिहास और कार्यशैली

पटना रेल डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि गिरफ्तार मोहम्मद दिलदार अंसारी का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से ही 4 से 5 मामले दर्ज हैं। वह शातिर तरीके से सादे लिबास में घूमकर सीधे-साधे यात्रियों को अपना निशाना बनाता था। नशीली दवाइयों के जरिए वह यात्रियों के कीमती सामान, गहने और नकदी पर हाथ साफ करने में माहिर है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

डीएसपी रेल ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के समय जंक्शन पर भीड़ का फायदा उठाकर अपराधी सक्रिय हो जाते हैं, जो रेल पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए पटना जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों पर वर्दीधारी जवानों के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की चीजों का सेवन न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत रेल पुलिस को सूचित करें।

पटना से अनिल कुमार की रिपोर्ट