रेलवे का बड़ा फैसला, बिहार की इन ट्रेनों को मिला हाई स्पीड का दर्जा, मिलेगा खास फायदा, देखिए लिस्ट

देश में किन ट्रेनों को हाई स्पीड के रूप में श्रेणीबद्ध किया जाए इसे लेकर रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. इसमें कुल 155 ट्रेनें शामिल हैं जिसमें कई बिहार की हैं, पढ़िए पूरी खबर

High speed trains in Bihar
High speed trains in Bihar- फोटो : news4nation

Rail News : भारतीय रेलवे ने देशभर की 155 ट्रेनों को हाई स्पीड ट्रेन की श्रेणी में शामिल करने का फैसला लिया है। रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद बिहार से खुलने और गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी हाई स्पीड ट्रेन का दर्जा मिल गया है।


यह निर्णय नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (NFIR) और रेलवे बोर्ड के स्थायी वार्ता तंत्र (PNM) की बैठक में उठाए गए प्रस्ताव के बाद लिया गया। रेलवे कर्मचारियों की लंबे समय से मांग थी कि कई सुपरफास्ट और प्रीमियम ट्रेनों को हाई स्पीड श्रेणी में शामिल किया जाए ताकि चालक, सहायक लोको पायलट और गार्ड को बेहतर ट्रिप अलाउंस और अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।


बिहार से जुड़ी जिन प्रमुख ट्रेनों को हाई स्पीड ट्रेन का दर्जा मिला है, उनमें पटना–हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस और पटना तेजस राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी, पूर्वा एक्सप्रेस, विभिन्न दुरंतो एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति जैसी कई लंबी दूरी की ट्रेनों को भी इस सूची में जगह दी गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन ट्रेनों की परिचालन गति, तकनीकी मानक और प्रीमियम श्रेणी की सुविधाओं को देखते हुए इन्हें हाई स्पीड कैटेगरी में शामिल किया गया है।


NFIR के सहायक महामंत्री पीएस चतुर्वेदी ने कहा कि संगठन ने रेलवे बोर्ड के समक्ष इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया था। उनका कहना है कि हाई स्पीड ट्रेनों की संशोधित सूची जारी होने से रेलवे कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा और भविष्य में शुरू होने वाली नई ट्रेनों के कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिल सकेगा। रेलवे के इस फैसले को बिहार के यात्रियों और रेल कर्मचारियों दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे न केवल प्रीमियम ट्रेनों की पहचान और मजबूत होगी, बल्कि रेलवे संचालन से जुड़े कर्मचारियों को भी अतिरिक्त सुविधाएं प्राप्त होंगी।


ये ट्रेनें हुई हाई स्पीड

12024 पटना–हावड़ा जनशताब्दी सुपरफास्ट एक्सप्रेस,  12393/12394 संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 22303/22304 हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस, 22409/22410  गया गरीब रथ एक्सप्रेस, 12397/12398 महाबोधि सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12309/12310 राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली ‘पटना तेजस’ राजधानी एक्सप्रेस, 12301/12302 हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 12305/12306 हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 12313/12314 सियालदह–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 12303/12304 पूर्वा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (पटना मार्ग से, 12381 पूर्वा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गया मार्ग से), 12235/12236 आनंद विहार–मधुपुर हमसफर एक्सप्रेस, 12259/12260 सियालदह–बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस, 12273/12274 हावड़ा–नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस, 12281/12282 भुवनेश्वर–नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस, 12329/12330 वेस्ट बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 22857 सांतारागाछी–आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 22459/22460 आनंद विहार–मधुपुर हमसफर एक्सप्रेस, 12379/12380 सियालदह–अमृतसर जलियांवाला बाग सुपरफास्ट एक्सप्रेस